छोटे पर्दे के मशहूर एक्टर राहुल दीक्षित ने आत्महत्या कर ली है। 28 साल के राहुल मुंबई में रहते थे। आज सुबह उनका शव फंदे पर लटका हुआ मिला। आत्महत्या के बाद पहुंची पुलिस ने बताया है कि इस घटना से जुड़ा अभी तक उन्हें कोई सुरग नहीं मिल पाया है। वहीं पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया है और इस मामले की जांच जारी है। आपको बता दें आत्महत्या का यह पहला मामला नहीं है। राहुल दीक्षित से पहले टीवी शो 'बालिका वधु' की मुख्य अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी, बॉलीवुड अभिनेत्री जिया खान और साल 2017 में असमिया फिल्मों की एक्ट्रेस और सिंगर बिदिशा बेजबरुआ ने भी आत्महत्या कर ली थी।
नाना पाटेकर की फिल्म 'अब तक छप्पन' से अपने करियर की शुरुआत करने वाले असिस्टेंट डायरेक्टर और स्क्रिप्ट राइटर रविशंकर आलोक ने एक बिल्डिंग से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। रविशंकर के भाई ने बताया था कि वो लंबे समय से काम ना मिलने के कारण डिप्रेशन में थे। माना जा रहा था कि इसी वजह से उन्होंने आत्महत्या कर ली।
अब बात करेंगे फेमस टीवी सीरियल 'बालिका वधू' में आनंदी का किरदार करने वाली एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी की। प्रत्युषा अपने मुंबई वाले घर में मृत पाई गई थीं। उन्होंने पंखे से लटक कर आत्महत्या की थी। ऐसे में प्रत्युषा को अस्पताल भी ले जाया गया था लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट एजाज खान ने इसे मर्डर बताया था। बता दें कि 1 अप्रैल 2016 को प्रत्युषा ने आत्महत्या की थी और उस दौरान वह 25 साल की थीं।
टॉलीवुड और बॉलीवुड में अपनी खूबसूरती से सबको दीवाना बना देने वाली एक्ट्रेस दिव्या भारती की मौत का दुख आज भी उनके चाहने वालों को बहुत हैं। उन्होंने साउथ की फिल्मों में 13 साल की उम्र से ही डेब्यू कर लिया था। साल 1993 में केवल 19 साल की उम्र में आधीरात को अपार्टमेंट की बिल्डिंग से नीचे गिरने पर उनकी मौत हो गई थी। लेकिन आज तक इस बात का पता नहीं चल पाया है कि यह आत्महत्या थी या मर्डर या फिर अचानक होने वाला हादसा। ये हादसा 5 अप्रैल 1993 में हुआ था।
मॉडल और एक्ट्रेस नफिसा जोसेफ ने अपने वर्सोवा लिंक रोड वाले अपार्टमेंट में 29 जुलाई 2004 को फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली थी। वह इस बिल्डिंग में तीसरे माले पर रहती थीं और उन्होंने सुबह 9 से 10 बजे के बीच यह कदम उठाया था। लेकिन नफिसा के घरवालों ने पुलिस के इसे आत्महत्या बताने पर यकीन नहींं किया। बता दें कि नफिसा 1997 में मिस यूनिवर्स की फाइनलिस्ट में से एक थीं। मौत के वक्त उनकी उम्र 26 वर्ष थी