तिरुपति देवस्थानम विवाद तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों के बीच पुरानी अदावत निपटाने का नया हथियार बनता जा रहा है। इस विवाद के शोरगुल में केरल से शुरू हुआ हेमा कमेटी प्रकरण अब करीब करीब हाशिये पर जा चुका है। और, मुंबई फिल्म जगत तक में चर्चा यही है कि तेलुगु सिनेमा तक पहुंची इसकी आंच को भी लड्डुओं में कथित रूप से चर्बी पाए जाने के विवाद ने शांत कर दिया है। ताजा मामला बुधवार को तेलुगु सिनेमा में सूबे के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण के अतीत को लेकर उछला है।
2 of 5
पवन कल्याण
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
आंध्र प्रदेश की सियासत में अभिनेता और उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण से पूर्व मंत्री पेरनी नानी का शुरू से छत्तीस का आंकड़ा रहा है। नानी ने एक बार फिर पवन कल्याण पर हमला बोला है। उनके मुताबिक जनसेना के मुखिया कल्याण की धर्म को लेकर आस्था पर भरोसा नहीं किया जा सकता। और, वह जो प्रायश्चित दीक्षा कर रहे हैं, वह वाकई उनके अतीत में किए गुनाहों का ही भूल सुधार दिखता है।
3 of 5
पेरनी नानी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पेरनी नानी ने बुधवार को आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री के धर्म के बारे में सवाल उठाते हुए पूछा, “क्या ये वही पवन कल्याण हैं जिनका बपतिज्मा हो चुका है? क्या ये वही पवन कल्याण हैं जिन्होंने अपने बच्चों के नाम ईसाई धर्म के अनुसार रखे हैं और जो रूस यात्रा के दौरान चर्च में घुटनों के बल बैठ प्रार्थना करते देखे गए?” पवन कल्याण ने 2013 में रूसी मॉडल एन्ना लेजनेवा से शादी की थी। इस शादी से हुए उनके बेटे का नाम मार्क शंकर पावनोविच रखा गया है। पवन की ये तीसरी शादी है। एन्ना से वह अपनी फिल्म ‘तीन मार’ के सेट पर मिले थे।
4 of 5
तीसरी पत्नी एना के साथ पवन कल्याल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
पूर्व मंत्री पेरनी नानी यहीं नहीं रुके। अभिनेता पवन कल्याण के पुराने बयानों को दोहरता हुए उन्होंने कहा कि लोगों को अब भी वो दिन याद हैं जब पवन ने खुद को किसी भी धर्म को न मानने वाला शख्स बताया था। उन्होंने भीमावरम में खुद कहा था कि उनका बपतिज्मा हो चुका है। वह अपने मुस्लिम प्रशंसकों के घर जा चुके हैं और वह मांस खाने से पहले पूछ चुके हैं कि ये झटका है या हलाल? और, अब वह सनातन धर्म की बात कर रहे हैं।
5 of 5
पवन कल्याण
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
तिरुमाला वेंकटेश्वरा स्वामी का नाम सियासी विवाद में घसीटे जाने की घोर निंदा करते हुए पेरनी नानी ने मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कहा कि जो गलतियां करते हैं, वही प्रायश्चित दीक्षा करते हैं। पवन कल्याण और उनके मालिक चंद्रबाबू नायडू जो कर रहे हैं वो वाई एस जगन मोहन रेड्डी का नाम खराब करने के लिए हैं। वे झूठे वादे करके सत्ता में आए हैं और जगन रेड्डी के खिलाफ उनका मिथ्या प्रचार अब भी जारी है।