Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   actress-nimmi-property-fraud-case-caretaker-arrested-1-8-crore-fd-Property-Dispute

दिवंगत अभिनेत्री निम्मी का केयरटेकर गिरफ्तार: दो फ्लैट कब्जाने की कोशिश, 1.8 करोड़ की एफडी हड़पी; जांच जारी

Wed, 18 Nov 2026 12:07 AM IST
सुनील मेहरोत्रा अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई Published by: सुनील मेहरोत्रा Updated Wed, 18 Nov 2026 12:07 AM IST
सार

दिवंगत अभिनेत्री निम्मी की संपत्ति हड़पने के आरोप में मुंबई की सांताक्रूज पुलिस ने उनके 62 वर्षीय केयरटेकर असरार इकबाल शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने निम्मी के नाम पर जमा करीब 1.8 करोड़ रुपये की एफडी कथित तौर पर समय से पहले भुनाकर अपने खातों में ट्रांसफर कर ली।

विज्ञापन
actress-nimmi-property-fraud-case-caretaker-arrested-1-8-crore-fd-Property-Dispute
एक्स @FilmHistoryPic - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

दिवंगत अभिनेत्री निम्मी की संपत्ति हड़पने के आरोप में सांताक्रूज पुलिस ने उनके 62 वर्षीय केयरटेकर असरार इकबाल शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे मंगलवार देर रात दादर के शिवाजी पार्क स्थित उसके घर से पकड़ा।
विज्ञापन


आरोप है कि शेख ने निम्मी के दो फ्लैट अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने निम्मी के नाम पर बैंक में जमा 1.8 करोड़ रुपये की एफडी को भी समय से पहले भुनाकर रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर ली। इसके अलावा, निम्मी के करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण भी गायब होने का मामला सामने आया है।
विज्ञापन


पुलिस को दो बैंकों के अधिकारियों की भूमिका पर भी शक
पुलिस ने 11 नवंबर को असरार इकबाल शेख के खिलाफ निम्मी के हस्ताक्षर जाली बनाने, उनकी मौत के बाद उनके नाम पर जमा एफडी को समय से पहले बंद कराने और सोने के आभूषण चुराने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस को इस मामले में दो बैंकों के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी शक है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जांच की जा रही है कि आखिर बैंकिंग नियमों को ताक पर रखकर शेख ने निम्मी की मौत के बाद उनके नाम पर मौजूद एफडी कैसे बंद कराई और इसके लिए उसकी मदद किसने की थी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि एफडी से निकाली गई रकम और  चुराए गए सोने के आभूषण कहां हैं, ताकि उन्हें बरामद किया जा सके।

केयरटेकर ने कैसे रची साजिश?
पुलिस के मुताबिक, इस धोखाधड़ी की शुरुआत दिसंबर 2020 में हुई थी, जब निम्मी के बेटे की तरह रहने वाले अली सैयद परवेज की ब्रिटेन में मौत हो गई थी। निम्मी उन्हें अपना बेटा मानती थीं। परवेज अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ब्रिटेन में रहते थे और निम्मी ने अपनी मौत से कुछ महीने पहले अपनी संपत्ति उनके नाम वसीयत कर दी थी।

पुलिस का आरोप है कि परवेज की मौत के बाद शेख ने निम्मी की संपत्ति और बैंक में जमा रकम पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। उसने 2021 से 2023 के बीच पांच अलग-अलग किस्तों में एफडी की रकम अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर ली, जिनकी कुल रकम करीब 1.8 करोड़ रुपये बताई गई है।

अभिनेत्री के भतीजे को दी थी रकम में हिस्सा देने की पेशकश
निम्मी के पास सांताक्रूज पश्चिम में जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में दो फ्लैट थे। करीब 1,400 वर्ग फीट क्षेत्रफल वाले इन दोनों फ्लैटों की कीमत सात करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इस मामले में धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ, जब शेख ने पिछले साल निम्मी के भतीजे और मुंबई सेंट्रल के कारोबारी मोहम्मद यूनुस दुरानी से संपर्क किया और उन्हें फ्लैट बेचने से मिलने वाली रकम में हिस्सा देने की पेशकश की।

दुरानी को इस संपत्ति के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने के लिए ब्रिटेन में रहने वाली परवेज की पत्नी से पावर ऑफ अटॉर्नी मिली हुई थी। शेख की ओर से फ्लैट बेचने की पेशकश के बाद दुरानी को शक हुआ और उन्होंने इसकी जांच-पड़ताल शुरू की। इसके बाद दुरानी ने पिछले साल बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाकर फ्लैटों की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की, जिससे शेख की योजना सफल नहीं हो सकी और निम्मी के दोनों फ्लैटों को बेचने की कोशिश रुक गई।

भतीजे ने खोली साजिश और धोखाधड़ी की पोल
दुरानी ने मीडिया को बताया कि उन्हें शक है कि बैंक के कुछ अधिकारियों ने शेख की मदद की होगी। उनका कहना है कि निम्मी और परवेज की मौत की जानकारी बैंक अधिकारियों को नहीं थी, ऐसा बताया जा रहा है। एफडी के प्रमाणपत्र निम्मी के नाम पर थे और परवेज उनके नॉमिनी थे। ऐसे में सवाल उठता है कि दोनों की मौत के बाद बिना किसी कानूनी वारिस या लाभार्थी को सामने लाए एफडी कैसे बंद कर दी गई और उसकी रकम शेख के खातों में कैसे पहुंच गई।


पुलिस इसी पहलू की जांच कर रही है कि एफडी बंद कराने और रकम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया में बैंक के स्तर पर नियमों का पालन हुआ था या नहीं। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि शेख ने निम्मी के हस्ताक्षर कैसे जाली बनाए और बैंक में किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Entertainment news in Hindi related to bollywood, television, hollywood, movie reviews, etc. Stay updated with us for all breaking news from Entertainment and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed