ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में हर साल लगने वाले हिंदी सितारों के मेले में इस बार जिस एक फिल्म की चमक सबसे ज्यादा दिखाई दी, वह रही निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’। इस फिल्म को मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में ‘ब्रेकआउट फिल्म ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार मिला है। फिल्म निर्माता मोहित चौधरी ने ‘अमर उजाला’ के साथ ये खुशी साझा करते हुए कहा कि ये सब इस फिल्म को भारत और दुनिया भर में मिले दर्शकों के प्यार से मुमकिन हो पाया है। फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ पंजाब के एक ऐसे दलित गायक की कहानी है जिसकी सरेआम हत्या की गुत्थी आज तक अनसुलझी है।
2 of 5
अमर सिंह चमकीला
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ पंजाबी गायक चमकीला की कहानी कहती है। चमकीला ने अपनी संगीत यात्रा दूसरे गायकों के लिए गाने लिखने से की थी और उसके लिखे गाने खूब लोकप्रिय भी हुए। इसके बाद उन्होंने अपने गाने खुद ही गाने की शुरुआत की और इसमें भी उन्हें खूब सफलता मिली। ‘कोठा ढहाऊ’ गायक के रूप में मशहूर हुए चमकीला ने भारतीय लोकसंगीत उद्योग में ऐसा तहलका मचाया था कि उनके शोज के लिए दुनिया भर से बुलावे आने लगे और उनकी शोहरत उस समय के तमाम बड़े फिल्मी सितारों से भी आगे निकल गई थी।
3 of 5
अमर सिंह चमकीला टीम
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
निर्माता मोहित चौधरी और निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में शीर्षक भूमिका दिलजीत दोसांझ ने निभाई और उनकी दूसरी पत्नी के किरदार में दिखीं परिणीति चोपडा। निर्माता मोहित चौधरी ने इस फिल्म की मेकिंग के बारे में तमाम दिलचस्प जानकारी ‘अमर उजाला’ के साथ पहले भी साझा की हैं। पंजाब में हुई फिल्म की शूटिंग के दौरान के किस्से अब हर किसी की जुबां पर हैं और इस फिल्म के लिए किसी हिंदी फिल्म में दशकों बाद हुई गानों की लाइव रिकॉर्डिंग ने भी लोगों का खूब मन मोहा।
4 of 5
अमर सिंह चमकीला
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
फिल्म का संगीत गीतकार इरशाद कामिल और संगीतकार ए आर रहमान ने मिलकर तैयार किया है। निर्देशक इम्तियाज अली, संगीतकार ए आर रहमान, गीतकार इरशाद कामिल के साथ गायक मोहित चौहान की बनी चौकड़ी ने ऐसा कमाल इस फिल्म में किया है कि ये फिल्म नेटफ्लिक्स की बीते समय की सबसे लोकप्रिय फिल्म बनी हुई है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ओरिजनल फिल्मों को मिले वॉच मिनट्स में ये फिल्म दुनिया भर में नंबर वन फिल्म बनी हुई है। मेलबर्न के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इस फिल्म को इसी के चलते ये पुरस्कार भी मिला है। दुनिया भर के हिंदुस्तानी दर्शकों के बीच अपनी छाप छोड़ने में सफल रही इस फिल्म के संगीत ने खासतौर से लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है।
5 of 5
अमर सिंह चमकीला को मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में मिला पुरस्कार
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को मिले पुरस्कार के बारे में बताते हुए फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ के निर्माता मोहित चौधरी कहते हैं, “फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ हमारे लिए एक फिल्म नहीं बल्कि हिंदुस्तानी संगीत का एक ऐसा इतिहास रहा है, जिसे दुनिया के सामने लाने तक हमारी बेचैनी का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। हमने ये फिल्म बहुत शिद्दत से बनाई और हमें खुशी इस बात की है कि इस फिल्म को दर्शकों ने देखा भी उसी शिद्दत से। इस फिल्म की कामयाबी के लिए हम दुनिया भर में फैले अपने दर्शकों के हमेशा एहसानमंद रहेंगे।”
Box Office Collection: दो दिनों में सौ करोड़ के करीब पहुंची 'स्त्री 2', औंधे मुंह गिरी 'खेल-खेल में' और 'वेदा'