हाल ही में प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'द स्काई इज पिंक' की शूटिंग पूरी हुई है। इस फिल्म में प्रियंका के अलावा फरहान अख्तर और जायरा वसीम मुख्य भूमिका में हैं।
कौन हैं आयशा चौधरी, जिन पर बनी है प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'द स्काई इज पिंक'
आयशा चौधरी... 1996 में गुरुग्राम में इनका जन्म ऑटो इम्यून डिफिशिएंसी डिसऑर्डर के साथ हुआ था। जिसके कारण महज छह महीने की उम्र में उनका बोन मैरो ट्रांसप्लांट करना पड़ा था। लेकिन उनकी परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। इस ट्रांसप्लांट के बाद आयशा को पल्मनरी फाइब्रोसिस (Pulmonary Fibrosis) नामक गंभीर बीमारी हो गई।
इस बीमारी के कारण आयशा के फेफड़ों में ऐसी कोशिकाएं विकसित होने लगीं, जिससे आयशा को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इन कोशिकाओं ने त्वचा को सख्त और मोटा कर दिया, जिससे आयशा के फेफड़ों तक ऑक्सीजन ठीक से पहुंच ही नहीं पा रही थी।
बेहद छोटी उम्र में आयशा जिंदगी और मौत को करीब से देख रही थी। फिर आयशा की मां ने उनका ध्यान किताबों की तरह आकर्षित किया। एक इंटरव्यू में आयशा की मां ने बताया है, 'उसे हमेशा लिखना पसंद था। फरवरी 2014 की बात है जब वह बिस्तर पर पड़ी थी। मैंने उसे ह्यू प्राथर की एक किताब दी और कहा कि इस किताब की लाखों प्रतियां बिक चुकी हैं। इस पर आयशा ने जवाब दिया - मैं ह्यू प्राथर से बेहतर लिख सकती हूं।'
महज 18 साल की उम्र में आयशा लेखिका बन गईं। उनकी किताब 'माय लिटिल एपिफैनीज' (My Little Epiphanies) को साल 2015 में जयपुर लिटरेरी फेस्ट में रिलीज किया गया था। लेकिन अपनी किताब की सफलता देखने के लिए ज्यादा दिनों तक वह जीवित नहीं रह सकीं।
कमेंट
कमेंट X