उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए अब तैयारी का आखिरी दौर शुरू हो गया है। छह दिसंबर को होने वाली परीक्षा से पहले करीब 11 दिन का समय शेष है। ऐसे में अब केवल घंटों पढ़ाई करने से ज्यादा जरूरी है कि हर दिन का सही इस्तेमाल किया जाए। इस समय पढ़ाई के साथ खुद को मानसिक रूप से तैयार करना, सवालों को हल करने की गति बढ़ाना और परीक्षा में सही निर्णय लेना भी जरूरी है। इसलिए अब ऐसी रणनीति अपनाएं, जिससे तैयारी का आकलन भी हो और आत्मविश्वास भी बना रहे।
2 of 5
Exam (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : freepik
तैयारी के हर दिन को बनाएं उपयोगी
अंतिम दिनों में बिना योजना के पढ़ाई करने से समय तो खर्च होता है, लेकिन सभी विषयों का सही तरीके से अभ्यास नहीं हो पाता। इससे बचने के लिए दिन को तीन हिस्सों में बांट सकते हैं। सुबह का समय इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अर्थव्यवस्था जैसे विषयों के रिवीजन के लिए रखें। दोपहर में करंट अफेयर्स, उत्तर प्रदेश से जुड़ी घटनाओं और महत्वपूर्ण तथ्यों को दोहराएं। शाम को मॉक टेस्ट, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र और सीसैट के सवाल हल करें। हर दिन के लिए छोटे लक्ष्य तय करें और रात में देखें कि कितने लक्ष्य पूरे हुए। जो टॉपिक छूट गए हैं, उन्हें अगले दिन की योजना में शामिल करें।
3 of 5
Exam
- फोटो : Adobe Stock
गलतियों की सूची बनाकर करें सुधार
केवल प्रश्नपत्र हल करना पर्याप्त नहीं है। मॉक टेस्ट देने के बाद उसका विश्लेषण करना भी उतना ही जरूरी है। देखें कि किन सवालों में गलतियां हुईं और उनके पीछे क्या वजह रही। कई बार अभ्यर्थी जानकारी होने के बावजूद जल्दबाजी में गलत विकल्प चुन लेते हैं, तो कभी सवाल को ठीक से नहीं समझ पाते। ऐसी गलतियों को एक अलग नोटबुक में लिखें। साथ ही यह भी देखें कि किन विषयों के सवाल हल करने में अधिक समय लग रहा है। इससे अपनी कमजोरियों को पहचानने और उन्हें सुधारने का मौका मिलेगा।
4 of 5
Exam
- फोटो : Adobe Stock
पेपर-2 की तैयारी में न छोड़ें कोई कसर
सीसैट को हल्के में लेना बड़ी चूक हो सकती है। यह पेपर क्वालिफाइंग होता है और इसमें कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना जरूरी है। इसलिए सामान्य अध्ययन की तैयारी के साथ सीसैट का अभ्यास भी जारी रखें। गणित, तार्किक क्षमता, हिंदी और अंग्रेजी के कॉम्प्रिहेंशन से जुड़े सवाल हल करें। जिन प्रश्नों में अधिक समय लगता है, उन्हें हल करने के दूसरे तरीके भी समझें। सप्ताह के आखिरी दिनों तक सीसैट के कम से कम दो पूरे पेपर समय सीमा के भीतर हल करने का प्रयास करें।
5 of 5
Exam
- फोटो : Adobe Stock
उत्तर प्रदेश के विशेष तथ्यों का करें दोहराव
परीक्षा में उत्तर प्रदेश से जुड़े सवालों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अभ्यर्थी प्रदेश की प्रमुख नदियों, वन्यजीव अभयारण्यों, ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख योजनाओं को दोहराएं। इसके अलावा राज्य के बजट, आर्थिक सर्वेक्षण और हाल की महत्वपूर्ण सरकारी घोषणाओं पर भी नजर रखें। इन विषयों के लिए अलग-अलग किताबें पढ़ने के बजाय करंट अफेयर्स की सामग्री का सहारा लें। महत्वपूर्ण तथ्यों को आपस में जोड़कर पढ़ने से उन्हें याद रखना आसान होगा।
- प्रश्नपत्र हल करने के साथ ओएमआर शीट भरने का भी अभ्यास करें, ताकि सही गोले भरने और समय का ध्यान रखने की आदत बने।
- प्रत्येक गलत उत्तर पर निर्धारित अंकों का एक तिहाई हिस्सा काटा जाएगा। इसलिए बिना सोचे-समझे विकल्प न चुनें।
- जिन सवालों में संदेह हो, उनके विकल्पों को ध्यान से समझने के बाद ही उत्तर दें।
कमेंट
कमेंट X