केरल: हाईकोर्ट के आदेश को संस्कृत विश्वविद्यालय ने दी चुनौती, छात्रों का निलंबन किया था रद्द, क्या है मामला?
श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय ने 16 छात्रों का निलंबन रद्द करने के केरल हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी है। छात्रों पर कुलपति के साथ कथित मारपीट का आरोप है। अदालत ने अलग परीक्षा कराने का भी निर्देश दिया था। जानें क्या है पूरा मामला...
विस्तार
केरल के कालड़ी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय ने मंगलवार को हाईकोर्ट में अपील दायर की है। विश्वविद्यालय ने उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें 16 छात्रों का निलंबन रद्द कर दिया गया था। विश्वविद्यालय का कहना है कि इस आदेश से अनुशासन लागू करने की उसकी वैधानिक शक्ति प्रभावित होती है। हाईकोर्ट के एकल न्यायाधीश ने सोमवार को छात्रों का निलंबन रद्द किया था। इन छात्रों पर परिसर में सुविधाओं की कमी को लेकर एसएफआई के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कुलपति सीजा थॉमस के साथ कथित मारपीट करने का आरोप है।
अनुशासन समिति और उसकी रिपोर्ट से जुड़े आदेश भी रद्द
न्यायमूर्ति पी. वी. कुन्हीकृष्णन ने विश्वविद्यालय के उन आदेशों को भी रद्द कर दिया था, जो जांच के लिए अनुशासन समिति गठित करने, समिति की रिपोर्ट और विश्वविद्यालय के फैसले की बाद में की गई समीक्षा से संबंधित थे। 23 नवंबर के आदेश में अदालत ने विश्वविद्यालय को छात्रों के लिए अलग से परीक्षा आयोजित करने का निर्देश भी दिया था। अदालत ने कहा था कि विश्वविद्यालय चाहे तो नए सिरे से जांच शुरू कर सकता है, लेकिन जांच लंबित रहने तक छात्रों को निलंबित नहीं रखा जाना चाहिए।
विश्वविद्यालय ने क्या दलील दी?
अधिवक्ता शिल्पा श्रीकुमार के माध्यम से दायर अपील में विश्वविद्यालय ने कहा है कि 23 नवंबर का आदेश उसकी अनुशासन लागू करने की वैधानिक शक्ति छीनता है। विश्वविद्यालय ने यह भी दलील दी कि निलंबन को चुनौती देने वाली छात्रों की याचिका सुनवाई योग्य नहीं थी, क्योंकि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के 2023 के नियमों के तहत छात्र शिकायत निवारण समिति (एसजीआरसी) और लोकपाल के पास प्रभावी उपाय उपलब्ध थे।
विश्वविद्यालय का कहना है कि जांच लंबित रहने के दौरान निलंबन करना सजा नहीं है। उसने यह भी कहा कि उसकी कार्रवाई असहमति के खिलाफ नहीं, बल्कि हिंसा के खिलाफ थी। विश्वविद्यालय ने हाईकोर्ट के 23 नवंबर के आदेश को रद्द करने और छात्रों की याचिकाएं खारिज करने की मांग की है।
13 अगस्त के प्रदर्शन के बाद निलंबित हुए थे छात्र
16 छात्रों को 13 अगस्त को सिंडिकेट की बैठक के दौरान हुए प्रदर्शन के बाद निलंबित किया गया था। प्रदर्शन एसएफआई के नेतृत्व में परिसर में पर्याप्त सुविधाओं की कथित कमी को लेकर हुआ था। छात्रों पर कुलपति सीजा थॉमस का ‘प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार’ करने, उनके साथ कथित धक्का-मुक्की करने और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने के आरोप लगाए गए थे।
यह भी पढ़ें: संस्कृत विश्वविद्यालय के 16 छात्रों का निलंबन रद्द, अलग परीक्षा कराने का निर्देश, जानें क्या है पूरा मामला
निलंबन के बाद कुछ छात्रों को परीक्षाओं में शामिल होने से रोक दिया गया था। हाईकोर्ट की एकल पीठ ने शुरुआत में उन्हें परीक्षा देने की अनुमति दी थी, लेकिन विश्वविद्यालय की अपील पर खंडपीठ ने उस आदेश पर रोक लगा दी। इसके बाद छात्रों ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट की एकल पीठ को उनकी याचिका पर दोबारा विचार करने का निर्देश दिया था। इस बीच, हाईकोर्ट के फैसले के बाद परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

कमेंट
कमेंट X