दिल्ली विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को पहली कटऑफ लिस्ट के दाखिले बंद हो गए हैं। बीए प्रोग्राम, बीकॉम ऑनर्स की हाई कटऑफ के बावजूद कुछ कॉलेजों में सीटें फुल हो गईं। जिन कॉलेजों में सीटों से अधिक दाखिले हो गए हैं, वहां बीए प्रोग्राम की दूसरी सूची जारी नहीं होगी। इसी तरह कुछ जगहों पर बीकॉम ऑनर्स की दूसरी सूची नहीं निकाली जाएगी। हालांकि, शिफ्टिंग का दौर शुरू होने पर तीसरे कटऑफ में दाखिले फिर खुलने की संभावना है।
डीयू: पहली कटऑफ के दाखिले बंद, जानें कब जारी होगी दूसरी सूची और कितनी होगी कटौती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राहत की बात यह है कि अधिकतर कॉलेजों में दूसरी कटऑफ में छात्रों के पास दाखिले के विकल्प खुले रहेंगे। डीयू में पहले दिन धीमे सर्वर के कारण आई समस्या को देखते हुए आखिरी दिन छात्रों को राहत दी गई। डीयू प्रशासन ने कॉलेजों को दोपहर 3.30 बजे तक दाखिला लेने का निर्देश दिया था। हालांकि देर शाम तक दाखिले होते रहे। सुबह से शाम तक छात्रों व अभिभावकों की भीड़ कैंपस में जमा रही। बता दें कि सोमवार यानी 25 जून को दूसरी कटऑफ जारी की जाएगी। वहीं, पहली कटऑफ के दाखिले के आखिरी दिन तक करीब 11000 छात्रों के दाखिले मंजूर हुए। जबकि 5000 ने ऑनलाइन फीस का भुगतान कर दिया।
एसआरसीसी :
खास बात यह है कि व्यवहारिक कटऑफ निकाले जाने से एसआरसीसी में सामान्य वर्ग के लिए बीकॉम व ईको ऑनर्स में दाखिले की गुंजाइश अब भी है। जबकि ईको ऑनर्स में एससी वर्ग के लिए दाखिले अभी से बंद हो चुके हैं। बीकॉम ऑनर्स में अब तक 420 व ईको ऑनर्स में 99 दाखिले हो चुके हैं।
हिंदू कॉलेज :
हिंदू कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. अंजू श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिनों में लगभग 900 दाखिले हुए हैं। अब तक की स्थिति से साफ है कि दूसरी कट ऑफ में सांख्यिकी ऑनर्स, बीए प्रोग्राम, व गणित ऑनर्स में दाखिले बंद हो जाएंगे। अब इन कोर्सेज में दूसरी सूची आने की संभावना नहीं है।
रामजस कॉलेज :
पहली कटऑफ के आखिरी दिन तक रामजस कॉलेज में 1,334 सीटों पर 650 दाखिले हो गए हैं। इस तरह से यहां लगभग पचास फीसदी सीटें भर गई हैं। वहीं, दूसरी कटऑफ में बीए प्रोग्राम, बीएससी फिजिकल साइंस के दाखिले बंद हो जाएंगे। जबकि अन्य कोर्सेज में दाखिले का चांस रहेगा।
प्रिंसिपल डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि अब तक 183 दाखिले हो चुके हैं। सामान्य श्रेणी के लिए बीकॉम ऑनर्स के दाखिले दूसरी कटऑफ में बंद होंगे। इस कोर्स में पहली कट ऑफ में ही काफी दाखिले हो चुके हैं।
शिवाजी कॉलेज :
इस कॉलेज में दूसरी कटऑफ में दाखिले की काफी गुंजाइश रहेगी। 1,150 सीटों में 150 ही भरी हैं। यहां संस्कृत और इतिहास ऑनर्स में दाखिले ज्यादा हुए है। हालांकि इनके दाखिले बंद नहीं होंगे।
राजधानी कॉलेज :
यहां भी दूसरी कट ऑफ में दाखिले की गुंजाइश रहेगी। अब तक 955 सीटों पर कुल 248 दाखिले हुए हैं। केमिस्ट्री ऑनर्स में दाखिलों की संख्या सबसे अधिक है। लेकिन इसके दाखिले बंद नहीं किए जाएंगे। दूसरी कटऑफ के बाद ही स्थिति साफ होगी।
0.25 से 1.5 फीसदी तक गिरावट होगी
पहली कटऑफ के दाखिले बंद होने के बाद 25 जून को दूसरी सूची जारी होगी। कॉलेज दूसरी कटऑफ में 0.25 से लेकर 1.5 फीसदी तक की कटौती कर सकते हैं। आरक्षित वर्ग के लिए यह गिरावट तीन फीसदी तक की हो सकती है। शिवाजी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. शशि निझावन कहती है कि दूसरी कटऑफ थोड़ी वास्तविक निकाली जाएगी। जिसमें कटऑफ में गिरावट का फैसला करेंगे। हिंदू कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. अंजू श्रीवास्तव कहती हैं कि फिलासफी ऑनर्स में कटऑफ में कमी करनी पड़ेगी। अन्य विषयों में भी 0.25 फीसदी तक की गिरावट हो सकती है। रामजस कॉलेज भी कोर्स के अनुसार 0.25 फीसदी से लेकर 1 फीसदी तक की कटौती करेगा।
कमेंट
कमेंट X