दिल्ली के दूर-दराज के इलाकों से एनडीएमसी तक में जगह-जगह टूटी सड़कें, वाहनों की आवाजाही के बीच हर वक्त उठता धूल का गुबार, दिल्ली की कई सड़कों पर दिन भर का नजारा यही रहता है। निर्माण स्थलों के हालात भी जुदा नहीं। धूल रोकने के बेहतर इंतजाम के बगैर निर्माण कार्य जारी है। इन हालातों में दिल्ली की हवाओं का जहरीला होना तय है। वायु प्रदूषण पर नजर रखने वाली एजेसियां भी इस बारे में सबको लगातार आगाह कर रही हैं। अलग-अलग सड़कों की जमीनी हालात शुक्रवार को कुछ इस तरह दिखी...।
Delhi: तस्वीरों में देखें कैसे राजधानी की सड़कों पर उड़ रही ग्रैप की धज्जियां, हवा में लगातार घुल रहा जहर
शास्त्री पार्क इलाके में धूल में गुम हो जाते हैं वाहन
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे तैयार हो रहा है। एक्सप्रेस-वे का निर्माण दिन-रात किया जा रहा है। ऐसे में पुस्ता मार्ग पर हर समय धूल का गुबार बना रहता है। लोनी, खजूरी, करावल नगर, भजनपुरा, यमुना विहार व आसपास इलाकों में रहने वाले लोग कश्मीरी गेट और गांधी नगर जाने के लिए प्रतिदिन इस पुस्ता मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सुबह-शाम यहां भारी जाम लगता है। वहीं, धूल उड़ने की वजह से यहां से गुजरने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शास्त्री पार्क से गांधी नगर की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से धूल से पटा हुआ है।
अशोक रोड के पुनर्निर्माण की वजह से उड़ रही धूल
लुटियन दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर शामिल अशोक रोड का पुनर्निर्माण जारी है। इसके तहत सड़क की ऊपरी परत को उखाड़ा जा रहा है। लिहाजा, यहां दिनभर धूल का गुबार बना रहता है। सड़क से बड़ा वाहन गुजरने पर अधिक मात्रा में धूल उड़ती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि दिन में बमुश्किल एक ही बार पानी के छिड़काव के लिए टैंकर पहुंचता है। इस वजह से पूरा दिन धूल में गुजरता है। लोगों ने बताया कि बीते दिनों जल बोर्ड द्वारा पाइपलाइन का काम किया गया था, उस समय भी सड़क से अधिक मात्रा में धूल उड़ी थी।
अरबिंदो मार्ग की खराब सड़क बनती है धूल का कारण
एम्स के पास अरबिंदो मार्ग पर खराब सड़क धूल का कारण बनती है। एम्स व सफदरजंग अस्पताल को जाने वाली सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों को भी गुजरना पड़ता है। ऐसे में धूल के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं, पास में ही यहां अंडरपास का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिसके लिए सड़क पर ही पत्थर काटने का काम किया जा रहा है। इस कारण से भी यहां दिनभर धूल उड़ती रहती है।
मान सिंह रोड पर भी उड़ रही है धूल
लुटियन दिल्ली में अशोक रोड से कुछ दूरी पर ही धूल प्रदूषण का एक और केंद्र मानसिंह रोड है। यहां पास में ही निर्माण कार्य होने की वजह से यहां धूल उड़ती रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में सुबह-शाम पानी का छिड़काव किया जाता है, लेकिन तेज धूप की वजह से गीली सड़क सूख जाती है, जिसके बाद धूल का गुबार बना रहता है।