शाहदरा के जगतपुरी इलाके में रहने वाले सुरेश ने अपना कर्ज उतारने के लिए कई रिश्तेदारों से मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन किसी ने एक न सुनी। उधर, बैंक लगातार अपना पैसा वापस करने के लिए सुरेश पर दबाव बना रहे थे। शायद यही वजह थी कि कोई रास्ता न देख सुरेश ने पूरे परिवार के आत्महत्या की साजिश रच ली। शायद इसके लिए सुरेश ने पहले से तैयारी भी कर ली थी।
दिल्ली: बेटी को गोद में लेकर खुदकुशी करने वाले पिता ने ऐसे बनाई थी आत्महत्या की योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को दिन में सुरेश पत्नी व बच्ची को लेकर बाहर घूमने गया। इसके बाद पत्नी मंजीत ने भी कपड़े प्रेस करने वाले और किराने की दुकान वाले का कर्ज वापस किया। बाद में देर रात को उन्होंने आत्महत्या करने का कदम उठा लिया। हालांकि घटना में सुरेश की ही मौत हुई, किस्मत ने मंजीत और तान्या का साथ दिया और उनकी जिंदगी बच गई। एक रिश्तेदार ने बताया कि सुरेश के माता-पिता की मौत हो चुकी है। उसका एक भाई राजेश होशियारपुर में रहता है, जबकि दूसरा राकेश दिल्ली के आरके पुरम में रहता है।
सुरेश ने कर्ज होने के बाद उनसे भी मदद की गुहार लगाई थी। वहीं मंजीत के पिता कुलवंत और भाई गुरदीप पंजाब के होशियारपुर में रहते हैं। कुलवंत इन दिनों किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। पिता की बीमारी में मोटा पैसा लगने के कारण मंजीत ने अपने भाई से भी पैसों की बात नहीं की। अस्पताल में मौजूद गुरदीप ने परेशान होकर बताया कि वह पिता की बीमारी से पहले ही काफी परेशान था। अब बहन व जीजा के कूदने से वह और परेशान है। बहन व भांजी जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। गुरदीप ने बताया कि उसे जीजा पर कर्ज का तो पता था, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसके जीजा ने नौ बैंकों से क्रेडिट कार्ड लेकर लोन लिया हुआ था।
तान्या और मंजीत की हालत गंभीर
जिस समय सुरेश ने तान्या को गोद में लेकर चौथी मंजिल से छलांग लगाई, उस समय वह सो रही थी। सुरेश पहले नीचे गिरा, उसके ऊपर तान्या गिरी, इसी वजह से तान्या की जान तो बच गई लेकिन उसकी दोनों टांगें टूट गई। शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें लगी हैं। वहीं मंजीत की किस्मत ने साथ दिया। मंजीत ने जैसे ही छलांग लगाई, वह गली में लगे बिजली के तारों में उलझती हुई नीचे गिरी। हालांकि उसकी पसलियां टूटने के अलावा सिर में गंभीर चोट लगी है। मंजीत के मौसा ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को अस्पताल वाले जबरन मंजीत की हालत ठीक बताकर उसको डिस्चार्ज करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन परिवार के दबाव के बाद अभी उसे डिस्चार्ज नहीं किया गया।
क्रेडिट कार्ड रखते हैं तो ज्यादा बरतें सावधानी
अगर आप भी क्रेडिट कार्ड रखते हैं तो आपको बहुत सजग होना चाहिए। बैंकिंग एक्सपर्ट आतिफ हुसैन कहते हैं कि लोगों को अपने वेतन के तीस फीसदी से ज्यादा की क्रेडिट कार्ड से खरीदारी नहीं करनी चाहिए। अगर आप ऐसा करते हैं तो कहीं न कहीं आप अपने लिए वित्तीय बोझ की परेशानी खड़ी कर रहे हैं। सुरेश के साथ भी शायद कुछ ऐसा ही हुआ। कम सैलरी होने के कारण सुरेश अपने घर का खर्च नहीं चला पा रहा था। इस वजह से उसने कई बैंकों के क्रेडिट कार्ड बनवा लिए। आतिफ के मुताबिक, क्रेडिट कार्ड धारक कोशिश यह करें कि कार्ड से रकम की निकासी न करनी पड़े, क्योंकि इस पर बैंक ज्यादा ब्याज लेते हैं।