दिल्ली के डाबड़ी थाने के सामने रोडरेज का एक मामला सामने आया है। परिवहन विभाग के विशेष आयुक्त की कार को एक सेवानिवृत्त आईपीएस की कार हल्की सी छू गई। आरोप है कि गुस्साए आईपीएस व उनके सहयोगी ने विशेष परिवहन आयुक्त की कार के चालक की न सिर्फ कार से खींचकर पिटाई कर दी बल्कि बीच बचाव के लिए कार से उतरे विशेष आयुक्त और महिला परिवहन आयुक्त से भी बदसलूकी की।
आखिरकार परिवहन आयुक्त दौड़कर डाबड़ी थाने पहुंची और पुलिस से मदद ली। पुलिस ने चालक का मेडिकल करवाकर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। दक्षिण पश्चिम जिला के पुलिस उपायुक्त शिवेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए मामले की जांच की बात कही है। पुलिस के अनुसार सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी 1977 बैच के अफसर हैं और परिवार के साथ द्वारका में रहते हैं। सोमवार सुबह परिवहन आयुक्त वर्षा व विशेष आयुक्त केके दहिया सरकारी गाड़ियों से द्वारका के एमएलओ कार्यालय का निरीक्षण करने के पहुंचे थे।
निरीक्षण के बाद दोनों जनकपुरी एमएलओ कार्यालय जा रहे थे। डाबड़ी थाने के विपरीत दिशा वाली सड़क पर पीछे से आ रही रिटायर आईपीएस अधिकारी की कार विशेष परिवहन आयुक्त कार से हल्की सी टकरा गई। विशेष आयुक्त की कार का चालक संजय राय कार को साइड में रोककर उतरने लगा। आरोप है कि इसी दौरान आर्टिगा कार सवार दो लोग नीचे उतरे और कार चालक संजय राय को कार से खींचकर बाहर निकाला और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
यह देखकर विशेष आयुक्त दहिया और खुद परिवहन आयुक्त वर्षा ने बीच बचाव करने की कोशिश की। लेकिन आरोपियों ने उनकी एक न सुनी और संजय की पिटाई करते रहे। आरोप है कि आरोपी ने खुद को आईपीएस अधिकारी होने का रौब दिखाकर उनको धमकी दी। जब आरोपियों ने उनकी बात नहीं सुनी तो परिवहन आयुक्त खुद दौड़कर डाबड़ी थाने पहुंचीं और पुलिस से मदद मांगी।
आरोप है कि थाना प्रभारी ने एक एएसआई को भेज दिया। पहले तो पुलिस ने मामला दर्ज करने में आनाकानी की लेकिन आला अधिकारियों तक बात पहुंचने पर इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया।