लोकसभा चुनाव के आगाज में 12 दिन रह गए हैं। 11 अप्रैल को देश में पहले चरण का मतदान डाला जाएगा। इन दिनों सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में अपनी पूरी शक्ति झोंक रही हैं। क्या नेता क्या अभिनेता पार्टियां जिससे भी हो सकता उससे चुनाव प्रचार का काम ले रही हैं। सिर्फ पार्टियां ही नहीं चुनाव आयोग भी हर संभव कोशिश कर रहा है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा सके और चुनाव के लिए पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में कराए जा सकें। चुनावी मौसम में इन दिनों एक खबर तेजी से व्हॉट्सऐप पर फैलाई जा रही है कि एनआरआई(NRI) अपने पासपोर्ट के जरिए ऑनलाइन वोट डाल सकेंगे, जानिए क्या है इसका सच...
बिना वोटर कार्ड के सिर्फ पासपोर्ट से भी डाल सकते हैं वोट, चुनाव आयोग ने बताया वायरल मैसेज का सच
इन दिनों ये खबर व्हॉट्सऐप पर खूब वायरल हो रही है कि, 'प्रवासी भारतीय अपने पासपोर्ट के माध्यम से 2019 के लोकसभा चुनाव में मतदान कर सकेंगे। इसके लिए इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट (eci.gov.in) पर जाकर खुद को रजिस्टर कराएं। यह संदेश अन्य ग्रुप पर भी फैलाएं।'
लेकिन इस संदेश के पीछे कितना सच है यह खुद चुनाव आयोग ने बताया है। आयोग की प्रवक्ता शेफाली शरन ने ट्वीट कर बताया, 'हमें यह जानकारी मिली है कि व्हॉट्सऐप ग्रुप पर ये फर्जी खबर फैलाई जा रही है। हम आपको यह साफतौर पर बता देना चाहते हैं कि मतदाता केवल http://nvsp.in पर जाकर ही ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।'
It has come to our notice that the following FAKE NEWS is circulating on some WhatsApp groups.
It is clarified that you can only apply for voter registration online through https://t.co/oC8AwgyIdK portal pic.twitter.com/OTxjb1zFbA
शेफाली शरन ने एक अन्य ट्वीट में जानकारी दी कि एनआरआई अपनी पहचान के लिए दस्तावेज के तौर पर पासपोर्ट के साथ अपने मतदान केंद्र पर आकर वोट दे सकते हैं। उन्होंने ये भी बताया कि, 'मतदाताओं के लिए किसी भी तरह की ऑनलाइन वोट देने की सुविधा उपलब्ध नहीं है। विदेशी मतदाता नामांकन के लिए http://nvsp.in पर जाकर फॉर्म 6A भर सकते हैं या फिर वो वोटर हेल्पलाइन मोबाइल ऐप (Voter helpline mobile app) का इस्तेमाल कर सकते हैं।'
इस तरह यह साफ हो जाता है कि व्हॉट्सऐप पर जो बात वायरल हो रही है वह फेक न्यूज है और जिस लिंक का जिक्र मैसेज में किया है वह भी सही नहीं है। इस तरह एनआरआई वोटर सिर्फ पासपोर्ट से ऑनलाइन वोट नहीं डाल सकते।