एक साल के लंबे इंतजार के बाद जियो ने आखिरकार अपने गीगाफाइबर को कमर्शियली लॉन्च कर दिया है। इसका एलान आज रिलायंस इंडस्ट्रीज की सालाना बैठक में हुआ। जियो की तीसरी सालगिरह यानी 5 सितंबर से गीगाफाइबर बाजार में सभी के लिए उपलब्ध हो जाएगा। लेकिन इन घोषणाओं के बाद भी ऐसे कई सवाल हैं जो अब भी अनसुलझे हैं। जानिए क्या हैं वो सवाल...
क्या टीवी बिल्कुल फ्री होगा या मासिक प्लान के साथ टीवी की किश्तें जुड़कर आएंगी- कई लोगों के मन में ये सवाल है कि क्या जिस तरह जियो के फोन की किस्त मासिक प्लान में जुड़कर आती हैं वैसे ही टीवी के साथ भी होगा। इस सवाल का जवाब है कि रिलायंस जियो गीगाफाइबर के सालाना पैकेज के साथ ग्राहकों को HD/4K एलईडी टीवी मिलेगा। साथ ही कंपनी 4K सेटअप बॉक्स भी फ्री में देगी। यह ऑफर 700 रुपये वाले प्लान के साथ भी मिलेगा।
अगर अभी तक रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया तो क्या अब रजिस्ट्रेशन कराने वालों को मिलेगी प्राथमिकता- बताया जा रहा है कि जियो गीगाफाइबर के लिए अब तक 1 करोड़ से ज्यादा बीटा यूजर्स ने रजिस्ट्रेशन करा लिया है। ऐसे में सवाल है कि जो लोग 5 सितंबर से हो रहे कमर्शियल लॉन्च के बाद पंजीकरण कराएंगे तो क्या उन्हें प्राथमिकता मिलेगी या उन्हें लंबा इंतजार करना होगा।
यूजर को कैसे पता चलेगा कि गीगाफाइबर की उपलब्धता उनके क्षेत्र में है या नहीं- आज जो घोषणा हुई है उसमें ये भी पता नहीं चल सका है कि कोई यूजर कैसे पता लगाएगा कि उसके क्षेत्र में गीगाफाइबर की उपलब्धता है या नहीं। उन्हें ये कैसे पता चलेगा कि उनके एरिया में जियो की ये सर्विस उपलब्ध है या नहीं इसका जवाब नहीं मिल सका है।
जियो गीगाफाइबर की सुविधा कैसे मिलेगी, रिलायंस जियो के रिटेलर से या आउटलेट से- जियो गीगाफाइबर के लिए आप जियो की वेबसाइट https://gigafiber.jio.com/registration पर जाक अप्लाई कर सकते हैं।