जल्द ही दिल्ली वालों को एक से बढ़कर एक ब्रांड वाले जाम छलकाने को मिलेगा। मौजूदा आबकारी नीति के अनुसार 1000 देशी-विदेशी शराब के ब्रांड पेश करने का निर्णय लिया गया है। आबकारी विभाग शराब की किल्लत को खारिज करते हुए यह दावा किया है कि दिल्ली में पूरे 12 दिनों से अधिक के लिए पर्याप्त शराब उपलब्ध है। दिल्ली वालों को जल्द ही ताजा बीयर पीने को मिलेगी। पांच माइक्रोब्रेवरीज शॉप खुलेंगे। इसमें एक को स्वीकृति दे दी गई है।
भरपूर है स्टॉक: दिल्ली वालों को मिलेगा एक से बढ़कर एक ब्रांड छलकाने का मौका, ताजा बीयर पिलाने की भी है योजना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मौजूदा आबकारी नीति के तहत 72 थोक आपूर्तिकर्ताओं ने 600 ब्रांड पंजीकृत किये है। इसमें 430 ब्रांड (195 भारतीय और 235 विदेशी) के साथ 60 लाइसेंस को स्वीकृत कर लिया गया है। आने वाले दिनों में 1000 से अधिक ब्रांड दिल्ली के बाजार में लाए जाएंगे। विभाग के सूत्रों के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में शराब की दुकानों ने औसतन लगभग आठ लाख रुपये की बिक्री की सूचना दी है। इससे करीब 269.08 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। आने वाले दिनों में और बिक्री बढ़ने की संभावना है। आबकारी विभाग ने एक 28 फरवरी 2023 तक की अवधि के लिए करीब 926 होटल, क्लब और रेस्तरां शराब लाइसेंस भी स्वत: नवीनीकृत करने का निर्णय लिया है।
माइक्रोब्रेवरीज की भी स्वीकृति
आबकारी विभाग ने माइक्रोब्रेवरीज, ड्राफ्ट बियर, वाइन और बीयर की दुकानों को भी प्रोत्साहित करेगा। एक माइक्रोब्रेवरीज की मंजूरी दे दी गई है। इस तरह की चार और दुकान पाइपलाइन में हैं। यानी दिल्ली वालों को जल्द ही ताजा बीयर पीने को भी मिलेगी। बीयर की छोटी मात्रा का उत्पादन होगा। दिल्ली मेट्रो के साथ साझेदारी में पांच प्रीमियर वाइन और बीयर की दुकानें खोली जाएंगी।
खुफिया ब्यूरो की रहेगी नजर
जमाखोरी, सीमा पार से शराब की तस्करी को लेकर खुफिया विभाग की नजर रहेगी। आबकारी विभाग ने 33 टीमों का गठन किया है। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बूटलेगिंग, सीमा पार से शराब की तस्करी, जमाखोरी, छूट, कीमत से अधिक दाम वसूलने, किसी ब्रांड को विशेष प्रोत्साहन देने पर रोक लगाई जा सके। आबकारी विभाग में एक हेल्प डेस्क को भी चालू कर दिया गया है।
अभी तक 500 से अधिक खुदरा दुकानों को संचालित करने के लिए चारों सरकारी निगम को लाइसेंस प्रदान किया गया है। जिनमें से 350 दुकानों पर एक सितंबर से बिक्री शुरू कर दी है। शेष खुदरा दुकानों को जल्द ही चालू किया जाएगा। जल्द ही एक एप भी शुरू किया जाएगा ताकि लोगों को दुकान ढूंढने और मनपसंद ब्रांड खरीदने में परेशानी न हो।