राजधानी में तंबाकू और उससे जुड़े उत्पाद की बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद वे न केवल सरेआम दुकानों पर बिक रहे हैं बल्कि उन उत्पादों को खाने वाले लोग खुले में थूककर अन्य लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर रहे हैं जिससे कोरोना काल में तंबाकू उत्पाद न खाने वाले लोगों पर संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इसे लेकर अमर उजाला के संवाददाता किशन कुमार और फोटो पत्रकार हिमांशु सोनी ने रविवार को विभिन्न इलाकों में तंबाकू उत्पाद बेचने वाले दुकानों का मुआयना किया।
अमर उजाला लाइवः दिल्ली में प्रतिबंध के बावजूद सरेआम बिक रहे हैं तंबाकू उत्पाद
दोपहर 1:00 बजे, लक्ष्मी नगर मेन मार्केट
लक्ष्मी नगर मेन मार्केट में कई पान मसाला की दुकानें हैं। मेन बाजार में ही आमने-सामने दो पान की दुकान है। जहां खुले में बिना डर के तंबाकू के प्रचार के साथ उनकी बिक्री की जा रही है। दुकानदार ने बताया कि अब पीछे से सामान महंगा नहीं आ रहा है। यही वजह है कि गुटखे का दाम भी पहले की तरह सामान्य कर दिया गया है।
दोपहर एक बजकर 20 मिनट, प्रीत विहार ए ब्लॉक
प्रीत विहार के मुख्य मार्ग से ही सटकर यहां पान मसाला की कई दुकानें हैं। यहां भी दुकानदारों में बिक्री को लेकर खौफ नहीं था। जब इस बारे में एक दुकानदार से बात की तो उन्होंने बताया कि पहले थोड़ी सख्ताई थी, लेकिन अब सब सामान्य है। सख्ताई के समय गुटखे को महंगा बेचना पड़ा था। उस समय अच्छी खासी कमाई हुई थी, लेकिन अब पहले वाले हालात हैं।
दोपहर 1 बजकर 50 मिनट, निर्माण विहार रोड
निर्माण विहार रोड पर भी आमने-सामने कई पान मसाला की दुकानें हैं। जहां प्रमुखता से प्रचार कर गुटखे और तंबाकू उत्पादों को बेचा जा रहा है। यहां किसी भी दुकानदार के पास सैनिटाइजर की व्यवस्था तक नहीं दिखी। वहीं, लोग भी खुले में गुटखा और तंबाकू उत्पाद को खाकर थूक रहे थे। साथ ही खुले में धूम्रपान को लेकर भी लोगों में कोई डर नहीं दिखा।