सोशल मीडिया को अगर सकारात्मक रूप से इस्तेमाल किया जाए तो यह कितना प्रभावी है इस बात का पता इसी से लगाया जा सकता है कि पिता की लाश के पास बिलखते बच्चे की तस्वीर ने कुछ ही घंटों में 16 लाख रुपए जुटा लिए। दरअसल बीते शुक्रवार को एक युवक बिना किसी सुरक्षा उपकरण के रस्सी के सहारे सफाई के लिए सीवर में उतरा था। तभी अचानक रस्सी टूट गई और वह कीचड़ में धंस गया। युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक शख्स की पहचान वैशाली एक्सटेंशन निवासी अनिल (27) के रूप में की गई है। अनिल की मौत के बाद उसका परिवार पूरी तरह से बेसहारा हो गया। सोमवार को सोशल मीडिया पर अनिल के सात साल के बेटे की एक तस्वीर वायरल हो गयी जिसमें वह अपने पिता के शव के पास खड़ा रोता दिख रहा है। इस तस्वीर के वायरल होते ही बेसहारा परिवार के लिए हर ओर से मदद के लिए हाथ उठने लगे। एक अभियान चलाकर कुछ ही घंटों में 16 लाख रुपए जुटा लिए गए। इस अभियान में फिल्मी सितारों से लेकर आम आदमी तक ने सहयोग किया। इनमें से काफी लोगों ने निजी तौर पर धनराशि दी तो कई लोगों ने क्राउड फंडिंग के जरिए मदद की।
गौरतलब है कि केट्टो पर 16 दिनों में 24 लाख की धनराशि जुटाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन तस्वीर के वायरल होते ही सिर्फ चार घंटों में ही 10.4 लाख रुपए जुटा लिए गए। इनमें करीब 500 लोगों ने 15 रुपए से लेकर 50 हजार रुपए तक की राशि दान की। जब तक यह खबर लिखी गई तब 16 लाख से ज्यादा पैसे जुटा लिए गए थे।
रस्सी टूटने से कीचड़ में धंसा, अस्पताल में हो गई मौतः मोती नगर में सीवर सफाई के दौरान पांच लोगों की मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि डाबड़ी में फिर ऐसा हादसा हो गया। दरअसल, एक युवक बिना किसी सुरक्षा उपकरण के रस्सी के सहारे सफाई के लिए सीवर में उतरा था। तभी अचानक रस्सी टूट गई और वह कीचड़ में धंस गया। युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने एक सफाई कर्मी के बयान पर लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया है। शव की शिनाख्त वैशाली एक्सटेंशन निवासी अनिल (27) के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात सात बजे सूचना मिली कि वैशाली एक्सटेंशन की गली नंबर तीन में एक युवक सफाई के दौरान सीवर में गिर गया है। पुलिस व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तो भीड़ लगी थी। वहां मौजूद रमेश नामक सफाईकर्मी ने बताया कि अनिल नाम का युवक रस्सी के सहारे सफाई करने के लिए सीवर में उतरा था। तभी रस्सी टूट गई और वह कीचड़ में धंस गया है। दमकल कर्मियों ने तुरंत कांटा डालकर अनिल को बाहर निकाला और उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।