विधवा मामी को ब्लैकमेल कर दो भांजों द्वारा गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना की शिकायत करने पीड़िता सेक्टर-49 पुलिस के पास पहुंची जहां उसकी किसी ने नहीं सुनी। इस पर महिला ने अदालत की शरण ली। इसके बाद सेक्टर-49 थाने में मामला दर्ज किया गया।
पीड़िता महिला एक गांव में रहती है। दो साल पहले बीमारी से उसके पति की मौत हो गई थी। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि अगस्त 2017 में वह बाथरूम में नहा रही थी तभी भांजे शिवप्रकाश ने उसका वीडियो बना लिया।
इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शिवप्रकाश ने कई बार दुष्कर्म किया। कुछ दिनों बाद शिवप्रकाश ने अपने छोटे भाई आशीष प्रकाश के साथ मिलकर उससे गैंगरेप किया। इस बीच महिला गर्भवती हो गई। आरोपियों ने उसका गर्भपात करा दिया।
आरोपियों ने घटना की शिकायत पुलिस से करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी अवनीश दीक्षित ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी युवकों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर कार्रवाई होगी।