प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इंडिया गेट पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया और राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट के बीच कर्तव्य पथ देश को समर्पित किया। पीएम ने 15.5 किलोमीटर लंबे सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि यदि भारत ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के दिखाए रास्ते का अनुसरण किया होता तो नई ऊंचाइयों पर पहुंच चुका होता। दुख की बात है कि उन्हें भुला दिया गया। उन्होंने कहा, राजपथ जो औपनिवेशिक दासता का प्रतीक था, अब इतिहास बन गया है और हमेशा के लिए मिटा दिया गया है। कर्तव्य पथ के नए नामकरण के बारे में पीएम ने कहा कि यह देश को नई ऊर्जा और प्रेरणा देगा।
Kartavya Path Photos: इतिहास बना राजपथ, तस्वीरों में देखें कर्तव्य पथ से लेकर नेताजी की ऐतिहासिक प्रतिमा
एक ही ग्रेनाइट पत्थर से बनी प्रतिमा
नेताजी की 28 फुट ऊंची प्रतिमा काले ग्रेनाइट के एक ही पत्थर को तराशकर बनाई गई है और इसके लिए 100 फुट का पत्थर तेलंगाना से विशेष रूप से दिल्ली लाया गया। इस पत्थर का वजन 280 टन था और इसे लाने के लिए विशेष ट्रक तैयार किया गया था। दिल्ली में शिल्पकारों की एक टीम ने दो महीने में इस प्रतिमा को तराश कर तैयार किया। इस वर्ष जनवरी में पीएम ने इंडिया गेट पर नेताजी की 3डी डिजिटल प्रतिमा का अनावरण किया था और कहा था कि इसकी जगह वास्तविक प्रतिमा लगेगी।
श्रमजीवियों से मिले
पीएम ने सेंट्रल विस्टा एवेन्यू को तैयार करने वाले कुछ श्रमजीवियों से भी इस मौके पर बात की। उन्होंने इन श्रमजीवियों को 26 जनवरी की परेड के अवसर पर आमंत्रित करने का वादा किया।
पीएम मोदी का आह्वान- इस नवनिर्मित कर्तव्यपथ को आकर देखिए
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मैं देश के हर एक नागरिक का आह्वान करता हूं, आप सभी को आमंत्रण देता हूं। आइए, इस नवनिर्मित कर्तव्यपथ को आकर देखिए। इस निर्माण में आपको भविष्य का भारत नजर आएगा। यहां की ऊर्जा आपको हमारे विराट राष्ट्र के लिए एक नया विजन देगी, एक नया विश्वास देगी।
नेता जी के पास विचार थे, विजन था
पीएम मोदी ने कहा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस ऐसे महामानव थे, जो पद और संसाधनों की चुनौती से परे थे। उनकी स्वीकार्यता ऐसी थी कि पूरा विश्व उन्हें नेता मानता था। उनमें साहस था, स्वाभिमान था। उनके पास विचार थे, विजन था। उनमें नेतृत्व की क्षमता थी, नीतियां थीं।