देहरादून की सड़कों पर बुधवार से ‘महिला चीता’ फोर्स क्राइम कंट्रोल के लिए दुपहिया वाहनों पर दौड़ती नजर आईं। क्रिमिनल्स इन महिला चीता पुलिस को हल्के में कतई न लें। कड़ी ट्रेनिंग के बाद ये महिला फोर्स क्रिमिनल्स से मुकाबला करने को पूरी तरह तैयार हैं। बुधवार को 24 दुपहिया वाहनों से 48 महिला सिपाही रवाना हुईं। देहरादून के अलावा 2 ऋषिकेश, एक सहसपुर में तैनात रहेंगी। डीजीपी एमए गणपति ने महिला सिपाहियों को रवाना किया।
प्रदेश के पुलिस महकमे में महिला पुलिस की पहली चीता मोबाइल बुधवार को दून में लांच होगी। पहले चरण में 24 चीता मोबाइल सड़क पर उतरेंगी। इनमें शहर के अलावा ऋषिकेश में दो और सहसपुर थाने को एक चीता मोबाइल दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पुलिस की चीता मोबाइल का डेमो कराया। महिला चीता मोबाइल में बाइक और स्कूटी को शामिल किया गया है।
एसएसपी स्वीटी अग्रवाल ने दस दिन पहले महिला चीता मोबाइल चलाने की घोषणा की थी। इसी परिप्रेक्ष्य में आफिसों में ड्यूटी कर रही महिला पुलिसकर्मियों ने चीता मोबाइल में चलने की हामी भरी थी। उसी आधार पर 24 चीता मोबाइल चलाने का फैसला हुआ। छह दिन से महिला पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण चल रहा है।
इनके लिए चार मोटर साइकिलों के अलावा 20 के करीब स्कूटी उपलब्ध कराई गई हैं। मंगलवार को प्रशिक्षण पूरा होने के बाद एसएसपी स्वीटी अग्रवाल, एसपी सिटी अजय सिंह और एसपी देहात श्वेता चौबे की मौजूदगी में उनका डेमो कराया गया।
चीता मोबाइल की पुलिसकर्मियों ने डेमो के माध्यम से झगड़े के घटनास्थल पर की जाने वाली कार्रवाई को प्रदर्शित किया। डीजीपी एमए गणपति बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे महिला चीता मोबाइल का शुभारंभ किया। इसके लिए शाम को तैयारियां पूरी कर ली गई।