नोटबंदी से परेशान हैं तो पेटीएम जैसा आसान तरीका भी अपना सकते हैं। सब्जी बेचने वाले शिवा ने तो अपने धंधे पर पड़ रही चोट से उबरने के लिए इसका इस्तेमाल भी शुरू कर दिया है।
छुट्टे नहीं हैं तो इस सब्जी की दुकान पर PAYTM से करें भुगतान
खुले पैसे के झंझट से आजिज आए अकेले शिवा ही नहीं हैं, जो यह तरीका अपना रहे हैं। एंड्रायड फोन के क्रेज के साथ ही हल्द्वानी में कई छोटे दुकानदार और व्यवसायी भी पेटीएम से लेनदेन कर रहे हैं।
नोटबंदी के बाद खुले पैसे की परेशानी को पार करने के लिए सब्जी विक्रेता शिवा ने पेटीएम की सुविधा अपने ग्राहकों का देनी शुरू कर दी है। इंटर तक की शिक्षा प्राप्त शिवा का कहना है कि पेटीएम से कुछ हद तक राहत मिल जा रही है।
खुले पैसे न होने पर ज्यादा झंझट होता है तो पेटीएम का उपयोग कर लेते हैं। वहीं, महेंद्रा आप्टिक्स के जसपाल सिंह का कहना कि डेबिट और क्रेडिट कार्ड का प्रयोग हर ग्राहक नहीं करता। ऐसे में पेटीएम ही सबसे सरल माध्यम है।
इसमें ज्यादा झंझट नहीं है। केवल एंड्रायड फोन की आवश्यकता है, जो आज ज्यादातर लोगों के पास उपलब्ध हैं। उनका कहना है कि कार्ड स्वाइप करने में उपभोक्ताओं को दो प्रतिशत का चार्ज लगता है। पेटीएम का उपयोग करने पर केवल एक प्रतिशत चार्ज लगता है।