उत्तराखंड के उदीयमान गायकों में शुमार पवेंद्र उर्फ पप्पू कार्की की मौत की खबर जिसने भी सुनीं उसे इस बात पर यकीन ही नहीं हुआ। हमेशा हंसते-मुस्कुराते रहने वाला एक नौजवान यूं चला जाएगा किसी ने सोचा नहीं था। उनके जानने वालों से लेकर प्रशंसकों तक सभी ने उनके साथ बिताए पलों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
फेसबुक पर ये था गायक पप्पू कार्की का आखिरी स्टेटस, सपना पूरा होने से पहले ही छोड़ गए दुनिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘पाना है मुकाम वो मुकाम अभी बाकी है, अभी तो जमीन पर आए हैं आसमान की उड़ान बाकी है’ अपनी फेसबुक वॉल पर यह स्टेटस डालते समय पप्पू कार्की ने नहीं सोचा होगा कि वह अपने सपने को अधूरा छोड़कर चले जाएंगे। अपने गाने ‘डीडीहाट की जमना छोरी...’, ‘हीरा समधनी...’, ‘काजल क टिक लगा ले...’ आदि से घर-घर में पहचान बनाने वाले पप्पू कार्की की मौत पर हर किसी के लिए एक बार में यकीन करना आसान नहीं था। फिर चाहे वह आम इनसान हो या कोई बड़ी हस्ती, सभी का कहना था कि काश यह खबर झूठी हो।
अभिनेता हेमंत पांडे हो या त्विशा भट्ट या फिर लोक गायक हीरा सिंह राणा और मीना राणा, सभी ने कहा कि उन्हें पहली बार में खबर पर यकीन नहीं हुआ। वहीं, गायक पवनदीप राजन और ज्योति राजन ने बताया कि पप्पू दा हमेशा उन्हें आगे बढ़ने को कहते थे। कहा कि जब पापा ने उनके निधन की जानकारी दी तो यकीन ही नहीं हुआ कि पप्पू दा अब उनके बीच नहीं रहे।
अपनी अदाकारी से लोगों को हंसाने वाले मंगल सिंह चौहान पप्पू की मौत की खबर पर रो पड़े। संगीतकार सुरेश राजन ने बताया कि उन्होंने करीब 12 साल पहले पवेंद्र की कैसेट सुनी थी। इसके बाद एक कार्यक्रम में हुई मुलाकात में पवेंद्र ने उनसे चांचरी और छपीली के बीच का अंतर पूछा था। सुरेश ने बताया कि पप्पू भाई में सीखने की ललक थी और वह हमेशा सबको साथ लेकर चलने की सोचता था।
उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन था कि लोक संगीत के क्षेत्र में पप्पू कार्की बहुत आगे जाएगा। बकौल नेगी दा ‘ वह अक्सर कहता था कि मुझे आपसे बात करने में डर लगता है।’ तब मैंने उससे कहा था कि डरने की क्या बात है, हम सब कलाकार ही तो हैं। उन्होंने बताया कि इंग्लैंड में इसी महीने होने वाले कार्यक्रम के लिए जब उनसे किसी कलाकार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने आयोजकों को पप्पू का नाम ही सुझाया था।