'बत्ती गुल मीटर चालू' की शूटिंग के बीच श्रद्धा कपूर ने ऐसी डिश टेस्ट की जिसे देखकर आपके मुंह में पानी आ जाएगा।
बत्ती गुल मीटर चालू की शूटिंग के बीच श्रद्धा कपूर उत्तराखंड में खूब इंजॉय कर रही हैं। सोमवार को उन्होंने यहां की खास डिश सिंगोरी और जलेबी की फोटो अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर शेयर की।
शूटिंग से फ्री होकर जब वे मार्केट पहुंची तो वहां उन्होंने यह डिश चखी। देखते ही उनके मुंह में पानी आ गया। फोटो में उन्होंने एक स्माइली भी बनाई है। जिसे देखकर तो यही लगता है कि उन्हें यह डिश बहुत पसंद आई। सिंगोरी मावे की बनी एक स्वीट डिश है, जिसे मालू के पत्ते में लपेटा जाता है। यह डिश गढ़वाल और कुमाऊं में खूब पसंद की जाती है।
वहीं सोमवार को, फिल्म की शूटिंग गीता भवन और छमुंड में फिल्माई गई। अभिनेता शाहिद कपूर के दोस्त की मौत के बाद वह सदमे में रहते हैं। पुरानी यादों को ताजा करने के लिए वह अपने दूसरे दोस्त अभिनेता दिव्यांदू शर्मा के साथ मंदिर और अन्य लोकेशन पर जाते हैं। निर्देशक ने इसी मार्मिक सीन को तन्मयता से फिल्माया है।
सोमवार को निर्देशक श्रीनारायण सिंह के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ की शूटिंग अपराह्न तीन बजे से शुरू हुई। पहला सीन गीता भवन मंदिर परिसर में शाहिद और दिव्यांदू के बीच में शूट किया गया। शाहिद और दिव्यांदू में खूब गुफ्तगू होती है।