मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन उत्तराखंड के इस युवा क्रिकेटर की कप्तानी में अंडर-19 का मैच खेलेंगे। आगे जानिए...
श्रीलंका दौरे पर होने वाली चार दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए अंडर-19 टीम में खेलने वाली भारतीय टीम में अर्जुन को जगह मिली है। इससे सचिन तो खुश हैं ही लेकिन उत्तराखंड के क्रिकेटरों में भी खुशी की लहर है।
दरअसल, इस टीम में उत्तराखंड के दो खिलाड़ियों को कप्तानी करने का मौका मिला है। इसमें हल्द्वानी के आर्यन जुयाल को एक दिवसीय टीम, जबकि रामनगर के अनुज रावत को चार दिवसीय टीम की कमान सौंपी गई है। दोनों ही विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। श्रीलंका के साथ 11 जुलाई से 11 अगस्त तक टीम 2 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेलेगी।
वहीं, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर अनुज रावत की कप्तानी में मैच खेलेंगे। अनुज वर्तमान में दिल्ली अंडर 19 टीम में शामिल हैं, जबकि विश्व विजेत अंडर-19 टीम के सदस्य आर्यन जुयाल यूपीसीए से मैच खेलते हैं। वहीं, 24 सितंबर 1999 को जन्में 18 वर्षीय अर्जुन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और लोअर ऑर्डर बैट्समैन हैं। वहीं ऊंचा कद उन्हें एक खांटी तेज गेंदबाज बनाता है।
दिल्ली की टीम में शामिल और श्रीलंका जाने वाली भारतीय अंडर 19 चार दिवसीय क्रिकेट टीम के कप्तान बनाए गए अनुज रावत भी विकेट कीपर के साथ सलामी बल्लेबाज हैं। पिछले दिनों अंडर 19 नार्थ जोन के पांच मैचों में एक दोहरा शतक, एक शतक के साथ 480 रन बनाने के अलावा करीब 15 शिकार उनके नाम हैं। अनुज के पिता वीरेंद्र पाल सिंह रावत ने बताया कि अनुज ने बचपन में रामनगर में सतीश पोखरियाल के अधीन क्रिकेट की ट्रेनिंग ली।