देहरादून की चकराता तहसील के नगऊ से साहिया जा रही एक यूटिलिटी साहिया-समाल्टा-माख्टी-नगऊ मोटर मार्ग पर गयलाणी खड्ड के पास खाई में पलट गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए।
गनीमत यह रही कि यूटिलिटी खाई में करीब दो मीटर नीचे जाकर रुक गई। हादसे में यूटिलिटी में सवार 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि, 17 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए निजी वाहनों से सीएचसी साहिया में भर्ती कराया गया। जहां चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
यूटिलिटी सुबह आठ बजे नगऊ गांव से साहिया के लिए रवाना हुई। सुबह नौ बजे गयलाणी खड्ड के पास चालक यूटिलिटी से नियंत्रण खो बैठा और यूटिलिटी सड़क से करीब दो मीटर नीचे खड्ड में पलट गई। यूटिलिटी के खड्ड में पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख पुकार मच गई।
वाहन में सवार यूटिलिटी मालिक और पूर्व फौजी मनोहर सिंह उर्फ धींगा(70) पुत्र खड़क सिंह निवासी नगऊ और बारू दत्त जोशी (51) पुत्र मायाराम जोशी निवासी क्यावा छिटक कर गहरी खाई में जा गिरे। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यूटिलिटी के खाई में पलटने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने सभी घायलों को यूटिलिटी से बाहर निकाल निजी वाहनों से सीएचसी साहिया में भर्ती कराया।