मनोनीत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को राज्यपाल केके पाल ने शनिवार को उत्तराखंड के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुए शपथग्रहण समारोह में कुल सात कैबिनेट और दो राज्यमंत्रियों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
मंत्रियों के बीच अभी विभागों का बंटवारा नहीं किया गया। परेड ग्राउंड पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा कई केंद्रीय मंत्री,भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। शपथ लेने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कैबिनेट की बैठक बुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समारोह स्थल पर दोपहर तीन बजकर पांच मिनट पर पहुंचे। उनके साथ राज्यपाल डॉ. केके पाल और मनोनीत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह भी थे। मोदी के मंच पर आते ही मोदी-मोदी और भारत माता की जय के नारे लगने लगे। मंच पर चढ़ते ही मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
इसके बाद राष्ट्रगान की धुन बजाई गई। मुख्य सचिव एस. रामास्वामी ने कार्यक्रम का संचालन किया। शपथग्रहण के लिए सबसे पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत को बुलाया गया। राज्यपाल ने उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ दिलाई। त्रिवेंद्र ने शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री से हाथ मिलाकर उनका आभार प्रकट किया।
तत्पश्चात राज्यपाल ने सतपाल महाराज, प्रकाश पंत, डॉ. हरक सिंह रावत, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, सुबोध उनियाल को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई। इसी क्रम में रेखा आर्य और धन सिंह रावत को राज्यमंत्री पद के लिए शपथ दिलाई गई।