जहरीली शराब कांड के बाद हरिद्वार के बिंडुखड़क गांव में अब तक इतनी मौतें हो चुकी हैं कि श्मशान घाट में भी जगह नहीं बची। एक के बाद एक शव गांव में पहुंच रहे हैं। यहां 11 से अधिक मौतें हो चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बिंडुखड़क गांव के श्मशान में लाशों के अंतिम संस्कार की जगह नहीं बची है। लिहाजा पास के खेत समतल कर वहां चिंता जलाई जा रही है।
चौथे दिन आज भी गांव में एक लाश पहुंची। पूरा गांव अंतिम संस्कार में जुटा था। गांव में बस विधवा महिलाओं के विलाप की चीखें ही सुनाई दे रही हैं। गांव के चौराहे पर आज भी महिलाओं की भीड़ लगी थी। भीड़ में शामिल इन महिलाओं में एक बहन वो थी, जिसकी आंखों में आंसुओं का सैलाब था और आखिरी बार अपने मृतक भाई को देखने का इंतजार था।
सुबह से वह अपने भाई के शव को देखने के लिए इंतजार कर रही थी। शव जैसे ही गांव के बाहर पहुंचा तो कोहराम मच गया। भीड़ में शामिल बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बार-बार मृतक की बहन के मुंह से एक ही शब्द निकल रहा था कि मेरा भाई अब कभी वापस नहीं आएगा। शव के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जहरीली शराब पीने से (38)पुत्र हरचंद की रविवार की रात देहरादून अस्पताल में मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस बीच घर पर रिश्तेदारों का तांता लगना शुरू हो गया। सभी रिश्तेदारों की घर के बाहर भीड़ लग गई। इन सबसे अलग मृतक की चचेरी बहन गांव के बाहर ही चौराहे पर रोते-बिलखते अपने भाई के शव का इंतजार करती रही।
घंटों बाद दो बजे शव गांव के बाहर पहुंचा तो मृतक की बहन प्रमिला का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। महिला अपने भाई के शव के साथ रोते बिलखते घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। अपने पति के शव को देख पत्नी रोते बिलखते बेहोश हो गई। परिवार के अन्य सदस्य व रिश्तेदार बार-बार संभालते रहे। इस बीच अपने भाई के शव को देख बहन भी बार-बार उस दिन कोसते नहीं थक रही थी, जिस दिन जहरीली शराब ने कहर बरपाया था।