रविवार को हरिद्वार में हुई महिला कांवड़िया की मौत पर जमकर बवाल हुआ। गुस्साए कांवड़ियों महिला के शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। तस्वीरों में देखिए...
हरिद्वार-नजीबाबाद राजमार्ग पर श्यामपुर थाने के पास रोडवेज की बस से कुचलकर एक महिला कांवड़ यात्री की मौत हो गई। साथी की मौत से गुस्साये कांवड़ियों ने हाईवे पर जमकर बवाल काटा। कई वाहनों पर पथराव करके क्षतिग्रस्त कर दिया और हाईवे पर जाम लगा दिया।
करीब एक घंटे तक चली मान मनौव्वल के बाद कांवड़ियों के टस से मस न होने पर पुलिस ने बल प्रयोग कर कांवड़ियों को खदेड़ा। बल प्रयोग में कई कांवड़ियों को चोटें आई। मृतका के पति ने बस चालक और यूपी रोडवेज के कर्मचारी ने अज्ञात कांवड़ियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर के गांव सिसौना थाना खजुरिया से करीब 90 कांवड़ियों का दल गंगाजल लेने हरिद्वार आया हुआ था। शनिवार को सभी कांवड़िए वापसी के समय हाईवे के पास पेट्रोल पंप पर ठहरे थे। रविवार सुबह के वक्त कांवड़ियों का दल चलने के लिए तैयार हुआ।
जैसे ही दल में शामिल महिला मोहन देई पत्नी बुद्धसेन हाईवे पर आई तभी बिजनौर की ओर से आ रही हरिद्वार डिपो की रोडवेज की बस ने उसे चपेट में ले लिया। महिला कांवड़ यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साये कांवड़ियों ने शव राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और करीब आधा दर्जन रोडवेज बसों पर पथराव भी किया।