अगर ऑफिस और कॉलेज जाने के जल्दी में या डाइटिंग के चक्कर में नाश्ता नहीं करते हैं तो अनजाने में आप अपनी लाइफ को खतरे में डाल रहे हैं।
नाश्ता नहीं करने से दिमाग और दिल पर बुरा असर पड़ सकता है। डाइटीशियन ऋचा परिहार ने बताया कि सुबह नाश्ता नहीं करने से शरीर में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। जिसकी वजह से वजन बढ़ने जैसी कई दिक्कतें होनी लगती हैं। जबकि सुबह नाश्ता करने से मस्तिष्क क्रियाएं ठीक तरीके से काम करती हैं।
आजकल लोग भागदौड़ भरी जिंदगी जीते हैं। ऑफिस पहुंचने की जल्दी में लोग नाश्ता नहीं करते। जबकि लंच के समय ज्यादा खाना खा लेते हैं। इस वजह से भी वजन बढ़ने की शिकायत मिलती है।
एक अमेरिकन स्टडी के मुताबिक ऐसे लोगों में 27 फीसदी हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा होता है। ऋचा परिहार ने बताया कि इससे टाइप 2 मधुमेह बढ़ने की आशंका भी कई गुना बढ़ जाती है।
नाश्ता न करने से दिमाग को पर्याप्त न्यूट्रीशन और एनर्जी नहीं मिल पाते। जिसके कारण मस्तिष्क पर बुरा असर पड़ता है। कई बार किसी काम में मन न लगने की परेशानी भी हो सकती है। इतना ही नहीं डॉक्टरों की मानें तो रातभर पेट खाली रहने के कारण उसमें एसिड की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसे में सुबह कुछ भी न खाने पर गैस की परेशानी हो सकती है।