नैनीताल की लोअर माल रोड के नैनी झील में समाने का सही कारण सामने आया है। जांच के बाद सामने आई प्रशासन की रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, लोअर माल रोड धंसने का एक बड़ा कारण चार मुख्य नालों का बंद होना बना। नालों से होकर नैनी झील में जाने वाला पानी रिसकर जमीन में समाता रहा और रोड को खोखला करता रहा।
मिट्टी कटान के चलते रोड धराशायी हुई। प्रशासन की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन ने छह विभागों के इंजीनियरों की संयुक्त टीम बना दी है। यह टीम बंद नाले खुलवाने का काम करेगी। 18 अगस्त को लोअर माल रोड का लगभग 25 मीटर हिस्सा टूटकर नैनी झील में समा गया था। 25 अगस्त को दोबारा रोड का कुछ हिस्सा टूट गया। इससे लोअर माल रोड के साथ-साथ अपर माल रोड और सीवर लाइन तक को खतरा पैदा हो गया
इसी बीच नगर के कुछ बुद्धिजीवियों ने डीएम विनोद कुमार सुमन को बंद चल रहे चार मुख्य नालों के बारे में बताया। जिला विकास प्राधिकरण के अभियंताओं से जांच कराने पर पता चला कि ग्रांड होटल से आने वाला नाला, पर्यटन विकास कार्यालय के पास स्थित नाला, नाला नंबर 15 और दुकानों के पास स्थित नाला चोक चल रहा है।
4 of 5
mall road
- फोटो : amar ujala
इस कारण नालों से जो पानी झील में जाना चाहिए वह जमीन में समा रहा है। इससे मिट्टी मुलायम होकर पानी के साथ कटकर झील में जा रही है। इससे माल रोड धीरे-धीरे खोखला होता जा रहा है। लोअर माल रोड धंसने का एक बड़ा कारण यह बंद नाले भी रहे हैं।
इसके बाद डीएम ने बंद नाले खुलवाने के लिए लोनिवि, सिंचाई खंड, जल संस्थान, जल निगम के अधिशासी अधिकारी, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की संयुक्त टीम बना दी है। यह टीम मौके पर जाकर जांच कर चुकी है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया जाए कि वह नालों से अतिक्रमण हटा लें।