कौन बनेगा करोड़पति 2018 में शुक्रवार को सेट पर स्पेशल प्रोग्राम 'कर्मयोगी' में पहुंचीं INSV Tarini (आईएनएसवी तारिणी) टीम की कैप्टन जांबाज लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी बिग बी से बात करते हुए भावुक हो गईं। उनकी बात सुनकर बिग बी भी कुछ देर के लिए भावुक हो गए। आगे जानिए...
वर्तिका अपनी टीम लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता (देहरादून), ले. कमांडर प्रतिभा जामवाल(हिमाचल प्रदेश), ले. कमांडर पी स्वाति (आंध्र प्रदेश), ले. विजया देवी (मणिपुर), ले. बी ऐश्वर्या (तेलंगाना) के साथ केबीसी के सेट पर पहुंचीं थीं। इस दौरान टीम की सदस्यों ने दो-दो करके चार-चार सवालों के जवाब दिए। सवालों के बीच ही बिग बी ने टीम के सदस्यों से उनके अनुभव के बारे में पूछा।
इस दौरान बात करते हुए वर्तिका ने बताया कि यह सफर काफी लंबा था। इसके बाद वे अपने घर जाकर सबको सरप्राइज देना चाहतीं थीं, लेकिन जब वे वहां पहुंचीं तो उनकी मां अल्पना जोशी घर पर नहीं थीं। उन्होंने अपने पिता पीके जोशी से पूछा तो पता चला कि उनकी मां अस्पताल में भर्ती हैं।
काफी दिन तक उनसे सबलोग ये बात छिपाते रहे, लेकिन बाद में सामने आया कि उनकी मां को एक गंभीर बीमारी हो गई है। जिसके बाद वे बेहद परेशान हो गईं। उन्होंने बताया कि उन्हें सबसे ज्यादा दुख इस बात का था कि जिस समय उन्हें अपनी मां के पास होना चाहिए था उस वक्त वे एक मिशन पर थीं।
उनकी इस बात को सुनकर सभी लोग भावुक हो गए। वहीं वर्तिका ने बताया उनका सपना था कि उनके पापा प्रो. पीके जोशी बिग बी के साथ हॉट सीट पर बैठें। हालांकि वे तो हॉट सीट तक नहीं पहुंच पाए, लेकिन वर्तिका के साथ शो पर जरूर आए।