कांवड यात्रा में भोले के भक्तों पर देशभक्ति का रंग चढ़ गया है। कांवड़िए अपने-अपने अंदाज में जवानों को तिरंगा समर्पित कर रहे हैं। तस्वीरों में देखिए..
भगवा कपड़े पहने कंधे पर कांवड़ लेकर चल रहे शायद ही कोई ऐसा शिवभक्त होगा, जिसकी कांवड़ पर तिरंगा न लगा हो। इसी कड़ी में रविवार को एक विशाल कांवड़ रुड़की से गुजरी। 303 फीट लंबी तिरंगे की इस कांवड़ को जिसने भी देखा वह भारत माता का जयकारा लगाए बिना न रह सका।
मुजफ्फरनगर के शाहपुर कस्बे के समीप स्थित कुंवरपुर गांव के लोगों ने शिव और देशभक्ति को एक साथ ऐसा मिलाया कि हर कोई उनका मुरीद हो गया। गांव के शिवकुमार और प्रशांत ने बताया कि देश की रक्षा के लिए हमारे जवान दिनरात दुश्मनों के सामने सीना ताने खड़े हैं।
जवानों को यह संदेश देने के लिए कि वह अकेले नहीं है। उनके साथ पूरा देश खड़ा है। इस बात को देखते हुए उन्होंनेे सर्जिकल स्ट्राइक के बाद फैसला किया था कि जवानों के लिए एक ऐसी कांवड़ लेकर जाएंगे। जिसे देखकर हर हिंदुस्तानी का सीना चौड़ा हो जाएगा।
इसी विचार को लेकर उन्होंने 303 फीट लंबी तिरंगे की कांवड़ को रूप दिया। उनकी टीम में 45 लोग हैं। इस कांवड़ को तैयार करने में वह पिछले एक माह से लगे हुए थे। इसमें ढाई लाख रुपये खर्चा आया। वह 20 जुलाई को पुरामहादेव पहुंचेंगे। वहां जल चढ़ाकर भोलेनाथ से जवानों के लिए अच्छे स्वास्थ्य और उन्हें लंबी उम्र देने की कामना करेंगे।