सेना में शामिल होने का जज्बा लिए भर्ती रैली मं पहुंचे युवाओं का दर्द छलक पड़ा। युवाओं ने इसे लेकर बेबाकी से अपनी बातें रखी। युवाओं में भर्ती को लेकर उत्साह है। उनका कहना है कि बेरोजगारी परेशान करती है लेकिन फौज में भर्ती होने के लिए उनकी मेहनत जरूर काम आएगी, उन्हें ऐसा भरोसा है।
आज अल्मोड़ा जिले के युवाओं के लिए भर्ती शुरू हो गई है। जीडी और ट्रे़ड्समैन जैसे पदों के लिए शैक्षिक योग्यता 10वीं पास है लेकिन ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे युवा भी भर्ती में शामिल होने को पहुंचे हैं। तिकोनिया में सड़क किनारे और पार्कों में बैठे युवाओं से अमर उजाला ने बात की तो युवाओं ने बेबाकी से अपनी बात रखी।
सल्ट अल्मोड़ा से आए बीए द्वितीय वर्ष के छात्र भरत सिंह रावत, बीए प्रथम वर्ष के धर्मेंद्र और बीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे करन सिंह ने बताया कि उन्होंने सेना में शामिल होने की ही ठानी है। धार गांव द्वाराहाट निवासी बीएससी तृतीय वर्ष के छात्र नरेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रेड्समैन की भर्ती में शामिल होने आए हैं।
तीसरी बार सेना भर्ती में आए हैं। जब तक सेना में भर्ती नहीं हो जाते तब तक प्रयास करते रहेंगे। जीडी भर्ती में शामिल होने आए काकड़ीघाट निवासी बीए द्वितीय वर्ष के छात्र वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बेरोजगारी की वजह से तकलीफ तो बहुत होती है लेकिन सेना में शामिल होने का लक्ष्य कभी निराश नहीं होने देता।
द्वाराहाट निवासी बीए प्रथम वर्ष के छात्र मोहन सिंह अधिकारी, करन कुमार और बीए द्वितीय वर्ष के राहुल सिंह अधिकारी ने बताया कि सेना में शामिल होने का सपना स्कूली दिनों से ही देख लिया था। ऐसे में किसी दूसरी नौकरी के बारे में कभी सोचा ही नहीं। सेना में शामिल होकर देशसेवा करने का ही लक्ष्य है।