देहरादून में इनकम टैक्स विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। दून और ऋषिकेश में आयकर विभाग की टीम ने उत्तरप्रदेश निर्माण निगम के जीएम शिव आश्रय शर्मा के घर और उनके रिश्तेदारों के यहां छापेमारी की कार्रवाई की।
आयकर विभाग की टीमों ने यूपी निर्माण निगम लिमिटेड के जीएम शिव आसरे शर्मा और कांट्रेक्टर अमित शर्मा के कई ठिकानों पर छापा मारा। एक साथ हुई इस कार्रवाई से दिनभर हड़कंप मचा रहा। देर रात तक आयकर की टीमें जांच पड़ताल में जुटी थीं। छापे के दौरान कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।
छापे की कार्रवाई मंगलवार सुबह पांच बजे ज्वाइंट डायरेक्टर (इनवेस्टिगेशन) प्रदीप कुमार के नेतृत्व में शुरू हुई। प्रदीप कुमार ने बताया कि आठ टीमों ने कांट्रेक्टर अमित शर्मा के आठ ठिकानों पर छापे मारे।
इनमें ऋषिकेश पब्लिक स्कूल के सामने एक गली में स्थित दो आवास, गंगानगर में तीन आवास, देहरादून में हरिद्वार बाईपास स्थित फ्रेंड्स कालोनी स्थित एचएनएन न्यूज चैनल कार्यालय, फ्रेंड्स कालोनी स्थित कार्यालय, राजपुर रोड स्थित ढकरानी और एक अन्य ठिकाना शामिल है।
इसके अलावा नेहरू कालोनी स्थित यूपी निर्माण निगम के जीएम के कार्यालय में भी छापेमारी की गई। फ्रेंड्स कालोनी स्थित न्यूज चैनल के दफ्तर पर डिप्टी डायरेक्टर (इनवेस्टिगेशन) अजय सोनकर के नेतृत्व में देर रात तक कार्रवाई से चैनल के कर्मियों में हड़कंप मचा रहा।