जम्मू कश्मीर में राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में पाकिस्तानी सेना की तरफ से हो रही भारी गोलाबारी में उत्तराखंड के सपूत संदीप थापा शहीद हो गया है। यह खबर सुनने के बाद से शहीद की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पत्नी बेसुध है।
संदीप थापा जम्मू-कश्मीर राजौरी के नौशेरा सेक्टर में लांस नायक के पद पर तैनात थे। सीमा पर तवान के बीच भी संदीप डटे रहे और देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर गए।
संदीप थापा 3/5 गोरखा राइफल में लांस नायक के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी तैनाती राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में थी। उनका परिवार पौंडवाला राजावाला सेलाकुई में रहता है। उनके शहीद होने की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। संदीप के घर के बाहर लोगों को जमावड़ा लग गया।
मालूम हो कि शनिवार की सुबह 6:30 बजे पाक की ओर से राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में भारी शेलिंग की गई। जिसका जवाब देते हुए लांस नायक संदीप थापा घायल हो गए। घायल जवान को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान वह शहीद हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहीद हुए जवान लांस नायक संदीप थापा 35 साल के थे और पिछले 15 साल से भारतीय सेना में नौकरी कर रहे थे। शहीद संदीप का परिवार देहरादून के विकासनगर स्थित राजावाला के पौंडवाला गांव में रहता है।