एससी/एसटी एक्ट को लेकर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरोध में सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने उत्तराखंड रोडवेज की तीन बसों को आग के हवाले कर दिया। सुरक्षा के मद्देनजर हरिद्वार में धारा 144 लगा दी गई है।
SC-ST एक्ट: हरिद्वार में धारा 144 लागू, प्रदर्शनकारियों ने फूंकी बसें, हाईवे जाम के बाद लाठीचार्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इसके अलावा नौ बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके बाद रोडवेज प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली रूट पर बस सेवा बंद कर दी है। इससे यात्री किराए के रूप में मिलने वाले करीब 25 लाख के राजस्व का नुकसान हुआ है। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार बसों को नुकसान पहुंचाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। देहरादून से सुबह 7:30 पर चली बस को आग के हवाले कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने एक एसी और दो साधारण बसों को मेरठ के पास परतापुर और कंकड़खेड़ा और मंगलौर के पास आग के हवाले कर दिया।
इसके अलावा दिल्ली रूट पर वाल्वो समेत नौ बसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसमें कई बसों के पूरे शीशे तोड़ दिए गए हैं। हालांकि इन घटनाओं में किसी भी यात्री के चोटिल होने या सामान को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। रोडवेज महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन के अनुसार लगातार बसों पर हमले की घटनाओं के बाद दिल्ली रूट पर संचालित बसों को बंद करने का फैसला किया गया। दिल्ली रूट पर गढ़वाल मंडल से संचालित 300 बसों (आने-जाने वाली) का संचालन बंद रहा है। उन्होंने कहा यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है, जब स्थिति अनुकूल होगी तो उसका आंकलन करने के बाद ही आगे बसों को संचालित किया जाएगा। कुमाऊं मंडल की बसों पर कोई असर नहीं पड़ा है।
वहीं रुड़की के बहादराबाद में पुलिस पर पथराव होने पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। पुलिस एहतियात के तौर पर पूरी चौकसी बरत रही है। भारत बंद के आह्वान पर दलित समाज के सैकड़ों लोग ने भेल तिराहे के पृथ्वीराज चौहान चौक पर धरना प्रदर्शन के साथ ही हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक चले धरने प्रदर्शन के दौरान एएसपी मनोज कत्याल और थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने आंदोलनकारियों को रास्ता खोलने के लिए मनाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान भीड़ में से कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया । इससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस ने पथराव कर रही भीड़ को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। सूचना पाकर एसएसपी कृष्ण कुमार वीके भी मौके पर पहुंच गए।
आंदोलन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य रोशनलाल, ब्रजेश, पलटूराम, सतपाल सिंह, नीटू, सोनू कुमार, प्रताप प्रधान, जोनी कुमार, डिक्कन कुमार, प्रवीण कुमार, अमित कुमार, मुकेश कुमार, अजय कुमार और मोनू आदि सैकड़ों लोग उपस्थित थे। बहादराबाद्र, रोहालकी, बोंगला, ब्रह्मपुरी, अलीपुर, अहमदपुर, रावली महदूद सलेमपुर और दादूपुर आदि गांवों से लोग प्रदर्शन में पहुंचे। दूसरी और बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदनलाल और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मौ. अज्जम अली के नेतृत्व में सैकड़ों दलितों ने बैरिकेटिंग लगाकर चक्का जाम किया। एएसपी मनोज कत्याल और थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने जाम खोलने की अपील की।मदन लाल ने कहा कि दलितों के सम्मान और अधिकार के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।