भारी बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में मलबा आने से करीब डेढ़ घंटे अवरुद्ध रहा। सुबह करीब साढ़े पांच बजे बंद हुआ हाईवे सात बजे सुचारु हो पाया। उत्तरकाशी जिले में बृहस्पतिवार को यमुनोत्री राजमार्ग धरासू के समीप सुबह छह से सात बजे तक मलबा आने से बंद रहा। वहीं गंगोत्री राजमार्ग नालूपानी के समीप रुणवासा में मलबा आने से सुबह साढ़े पांच बजे से साढे़ छह बजे तक बंद रहा। गंगोत्री राजमार्ग नालूपानी के समीप रुणवासा में मलबा आने से सुबह साढ़े पांच बजे से साढे़ छह बजे तक बंद रहा।
चमोली जिले में हेलंग-उर्गम मोटर मार्ग बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी नहीं खुल पाया है। मंगलवार रात को भारी बारिश के दौरान हेलंग से दो किमी की दूरी पर पावर हाउस के पास चट्टान का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गया था। शुक्रवार शाम तक मार्ग खुलने की उम्मीद है। वहीं, बुधवार को मेलखेत में बंद हुई देवाल-खेता सड़क बृहस्पतिवार को भी नहीं खुल पाई। बताया जा रहा है कि जेसीबी में तेल खत्म होने की वजह से मार्ग नहीं खुल पाया।
नई टिहरी के घनसाली और चमियाला तहसील क्षेत्र में आपदा प्राधिकरण ने नदी और गाड़-गदेरों के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा है। जर्जर मकानों को चिह्नित कर भवन स्वामियों को मकान खाली करने को कहा गया है। तहसील प्रशासन की ओर से अभी तक दस भवन स्वामियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
उधर, जखोली में बरसात से पांजणा गांव में दो मकान जमींदोज हो गए। इन घरों में रहने वाले लोगों ने पंचायत भवन और स्कूल में शरण ले रखी है। उधर, चिन्यालीसौड़ में तेज बारिश के चलते बुधवार रात को गढ़वाल गाड़ गांव में एक भवन की छत टूटने से चार लोग घायल हो गए। घायलों का गांव के नजदीक एक क्लीनिक पर उपचार कराया गया।
इस बीच, बारिश के चलते पहाड़ों पर सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। कर्णप्रयाग में एक सप्ताह पहले 30 रुपये प्रति किलो बिकने वाला टमाटर बृहस्पतिवार को 40 रुपये प्रति किलो बिका। शुक्रवार को 60 से 80 तक इसकी कीमत जाने की संभावना। लौकी, भिंडी, करेला, तुरई और अन्य सब्जियों के दामों में भी पिछले सप्ताह के मुकाबले दस से पंद्रह रुपये तक उछाल आया है।