देहरादून: पूर्व मेयर, बेटे और निगम कर्मी पर 40 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, पूर्व निजी सचिव समेत दो ने की शिकायत
विजय राज चौहान की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2019 में तत्कालीन मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की भूमि लीज पर दिलाने और राजपुर रोड व मसूरी रोड के आसपास तीन स्थायी दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया था। इस पर विजयराज ने विभिन्न माध्यमों से 45 लाख रुपये दे दिए।
विस्तार
पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, उनके बेटे शाश्वत उनियाल और नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना पर दुकानें आवंटित कराने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। इस संबंध में विजयराज चौहान और सूरजपाल सिंह ने एसएसपी ऑफिस में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विजय राज चौहान की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2019 में तत्कालीन मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की भूमि लीज पर दिलाने और राजपुर रोड व मसूरी रोड के आसपास तीन स्थायी दुकानें आवंटित कराने का भरोसा दिया था। इस पर विजयराज ने विभिन्न माध्यमों से 45 लाख रुपये दे दिए। जमीन मिलने में देरी होने पर वर्ष 2023 में नया प्रस्ताव दिया गया। इसमें मसूरी रोड स्थित खाला गांव (मैगी पॉइंट) और कुठाल गेट के पास नगर निगम की ओर से चिह्नित स्थानों पर दुकानें दिलाने की बात कही गई। इसके लिए नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई और दस्तावेज भी लिए गए।
आरोप है कि काफी समय बीतने के बाद भी न तो दुकानों की पक्की रसीद दी गई और न ही कब्जा मिला। वर्ष 2025 में रकम वापस मांगने पर राजनीतिक रसूख का हवाला देते हुए झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में बताया गया है कि विवाद के बाद आधी रकम लौटाने और दो दुकानों का आवंटन जल्द कराने की बात तय हुई थी। दिनेश खन्ना और सुनील उनियाल गामा ने कुछ रकम लौटाई लेकिन करीब 20 लाख रुपये हड़प लिए। दुकानें भी आवंटित नहीं हुईं।
वहीं, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के निजी सचिव रहे सूरजपाल सिंह ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2022-23 में शाश्वत ने नगर निगम की ओर से दुकानें आवंटित कराने का भरोसा देकर 20 लाख रुपये लिए थे। सूरजपाल का दावा है कि उन्होंने यह रकम नकद, ऑनलाइन और शाश्वत के चचेरे भाई तनुज उनियाल को अलग-अलग किस्तों में दी थी। इसके बाद उन्हें न दुकानें मिलीं और न ही रकम वापस की गई। आरोप कि रकम वापस मांगने पर झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। सीओ नितिन लोहानी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मामले से संबधित शिकायती पत्र आदि राजपुर थाने भेजे गए हैं।
मुझ पर लगाए गए आरोप झूठे और निराधार हैं। मेरे खिलाफ किसी भी एजेंसी से जांच कराई जा सकती है सब कुछ साफ हो जाएगा। आरोप लगाने वाले दोनों लोग ब्लैकमेलर और फ्रॉड किस्म के हैं। पूर्व में भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
- सुनील उनियाल गामा, पूर्व मेयर
