अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के तहत प्रदेश के लगभग 18 लाख परिवारों का 1350 बीमारियों का उपचार मुफ्त होगा। इस योजना में शामिल अस्पतालों की लिस्ट सबसे पहले अमर उजाला आपको उपलब्ध करा रहा है।
इस योजना के तहत कैंसर, ओपन हार्ट सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोलॉजी जैसी गंभीर व बेहद खर्चीली बीमारियों को शामिल किया गया है।
प्रदेश में 99 सरकारी और 66 निजी अस्पतालों व चिकित्सा संस्थानों में मुफ्त उपचार का लाभ लिया जा सकता है। वहीं, राज्य के बाहर के कई बड़े अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है।
योजना के तहत हृदय रोग के 130, नेत्र रोग के 42, नाक-कान-गला के 94, हड्डी के 114, मूत्र रोग के 161, महिला रोग के 73, शल्य रोग के 253, न्यूरो सर्जरी, न्यूरो रेडियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी व बर्न सर्जरी के 115, दंत रोग के नौ, बाल रोग के 156, मेडिकल के 70, कैंसर के 112 और अन्य बीमारियों के 21 पैकेज के मुफ्त उपचार की सुविधा उपलब्ध मिलेगी।
सूचीबद्ध अस्पतालों में योजना के तहत पहुंचने वाले मरीजों की सहायता के लिए आरोग्य मित्र तैनात रहेंगे। यह मरीजों की योजना से संबंधित सभी तरह की सहायता करेंगे। सभी अस्पतालों के हेल्प डेस्क पर उनके आरोग्य मित्र के मोबाइल नंबर और फोटो लगाए जाएंगे।