विश्व कप का आठवां मुकाबला बुधवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच साउथैम्पटन में खेला जाएगा। भारत इस मैच से अपने विश्व कप में अभियान की शुरुआत करेगा। वहीं, दक्षिण अफ्रीका इस टूर्नामेंट में दो मुकाबले खेल चुका है। दोनों मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा।
इन 11 खिलाड़ियों के साथ दक्षिण अफ्रीका को धोने उतरेगा भारत, ऐसी हो सकती है प्लेइंग XI
ओपनर
विश्व कप में भारतीय टीम का दारोमदार शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों पर ज्यादा निर्भर माना जा रहा है। सलामी जोड़ी के रूप में रोहित शर्मा और शिखर धवन नजर आ सकते हैं। इन दोनों बल्लेबाजों से टीम को मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी।
मिडिल ऑर्डर
विराट कोहली और केएल राहुल मिडिल ऑर्डर में अहम भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। पिछले चार सालों में कप्तान कोहली के बल्ले से रनों की बरसात हुई है। इस अवधि में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज के प्रदर्शन पर नजर डाली जाए तो उन्होंने शीर्ष क्रम में 65 मैचों में उन्होंने 83.76 की औसत और 98.54 की स्ट्राइक रेट से 4272 रन बनाए जिसमें 19 शतक और 16 अर्द्धशतक शामिल हैं।
वहीं, बांग्लादेश के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में केएल राहुल ने शतक जमाकर विश्व कप मैचों के लिए बल्लेबाजी क्रम में नंबर चार पर अपना दावा मजबूत किया है। राहुल ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरकर 99 गेंदों पर 12 चौकों और चार छक्कों की मदद से 108 रन बनाए थे।
विकेटकीपर
विकेटकीपर की भूमिका में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दिखेंगे। महेंद्र सिंह धोनी ने बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी करके शतक ठोका। धोनी ने 78 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के की मदद से113 रन की शानदार शतकीय पारी खेली थी। पांचवें विकेट के लिए धोनी और राहुल के बीच 164 रन की साझेदारी हुई थी। धोनी पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।
ऑलराउंडर्स
हार्दिक पांड्या का खेलना तय है। वहीं, रविंद्र जडेजा या केदार जाधव में से किसी एक को मौका मिल सकता है। जडेजा ने वॉर्म-अप मैच में 54 रन की शानदार पारी खेली थी। इस वजह से जडेजा का खेलना ही लगभग तय है। हालांकि मैच से पहले विराट कोहली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके केदार जाधव को भी शत प्रतिशत फिट बताया है।