टीम इंडिया ने मंगलवार को लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले में वेस्टइंडीज को 71 रन के बड़े अंतर से मात दी। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। तीसरा मुकाबला 11 नवंबर को खेला जाएगा।
सीरीज हार के बाद वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट ने दूसरे टी-20 मैच में टीम इंडिया के हाथों मिली का हार के लिए टीम की खराब बल्लेबाजी और घटिया फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने गेंदबाजों को भी कोसा, जिन्होने काफी रन लुटाए। बता दें कि वेस्टइंडीज की इस साल टी-20 में यह 8वीं हार है।
ब्रेथवेट ने मैच के बाद कहा, 'पिछले मैच में हमने अच्छी फील्डिंग की थी, लेकिन इस मैच में हम इसमें विफल रहे। इस हार को पचाना मुश्किल है, लेकिन अंतिम मैच से पहले हम सकारात्मक होना चाहते हैं। जीत का श्रेय विपक्षी टीम को भी जाता है जिनके बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में बिना कोई विकेट खोए अच्छी बल्लेबाजी की। इतने बड़े लक्ष्य को बनाने के दौरान हमेशा ही बल्लेबाजों पर प्रेशर रहता है। आखिरी मुकाबले में सकारात्मक सोच के साथ उतरेंगे।'
मेहमान टीम के कप्तान ने कहा, 'हम भारत को 170-180 के अंदर रोकना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। हमारी बल्लेबाजी एक बार फिर नाकाम रही। हम अभी भी सर्वश्रेष्ठ सलामी जोड़ी तलाशने का प्रयास कर रहे हैं, क्योंकि पहले दो मैचों में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई। उम्मीद है कि आखिरी मैच में ऐसा हो सके।'
बता दें कि रोहित शर्मा के नाबाद 111 रन की बदौलत टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 195 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन ही बना सकी।