भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची में खेले गए पहले वनडे में युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने अपने तीन विकेटों के दम पर भारत की जीत की नींव रख दी। इस प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर सिर्फ उनकी गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि एक महीने पुराना पॉडकास्ट वीडियो भी वायरल हो गया है, जिसमें अनुभवी भारतीय पेसर संदीप शर्मा ने बताया था कि आखिर चयनकर्ता और गौतम गंभीर जैसे कोच राणा पर इतना भरोसा क्यों कर रहे हैं।
पुरानी क्लिप का फिर से वायरल होना
संदीप शर्मा का यह पॉडकास्ट क्लिप 'टॉक विद मानवेंद्र' से सामने आया है। यह वीडियो तब चर्चा में आया जब आलोचक लगातार सवाल उठा रहे थे कि हर्षित राणा को इतना मौका क्यों दिया जा रहा है, जबकि टीम में अनुभवी गेंदबाज भी मौजूद हैं। संदीप शर्मा ने उस बातचीत में कहा था, 'जब आप किसी खिलाड़ी में दुर्लभ क्षमता देखते हैं, तो उसको समय देना जरूरी होता है। हर्षित 140+ की गति फेंकता है, उसकी हाइट अच्छी है, ताकत अच्छी है, ऐसे गेंदबाज कम मिलते हैं।'
उन्होंने आगे कहा कि तेज गेंदबाजों में निवेश हमेशा रिस्की होता है क्योंकि उनमें से सिर्फ 20-40 प्रतिशत ही सफल होते हैं, लेकिन अगर कोई सही कोचिंग और लगातार मौके पाए, तो वह बड़ा खिलाड़ी बन सकता है। संदीप ने कहा, 'अगर आप ऐसे पांच खिलाड़ी चुनते हैं, तो सिर्फ एक या दो ही अच्छा प्रदर्शन करते हैं। तीन या चार बार आप गलत साबित होंगे। इसलिए चयनकर्ताओं के लिए यह मुश्किल है क्योंकि उन्हें जोखिम उठाने पड़ते हैं। हर्षित 23-24 साल के हैं और उन्हें खेलना होगा, कुछ झटके सहने होंगे और आगे बढ़ना होगा।'
रांची में राणा की गेंदबाजी ने दिखाया असर
रांची वनडे में राणा ने तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। इनमें रेयान रिकेल्टन, क्विंटन डिकॉक और डेवाल्ड ब्रेविस के विकेट शामिल हैं। हर्षित की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। हर्षित ने रिकेल्टन को अंदर स्विंग होती गेंद पर बोल्ड किया। इसके बाद डिकॉक को आउटस्विंग गेंद फेंकी और गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में गई। ब्रेविस को हर्षित ने धीमी गेंद पर ऋतुराज के हाथों कैच कराया। यह प्रदर्शन भारत के लिए 350 रनों के बचाव में निर्णायक साबित हुआ।
राहुल और चयनकर्ताओं का भरोसा
मैच के बाद कप्तान केएल राहुल ने राणा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, 'हर्षित स्पेशल हैं। भारत को ऐसा ही तेज गेंदबाज चाहिए था। लंबा, तेज और डेक पर हिट करने वाला। वह अभी सीख रहे हैं, लेकिन भविष्य बहुत उज्ज्वल है।'