टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ियों में शुमार रहे तमिलनाडु के सुब्रमण्यम बद्रीनाथ जल्द ही वह क्रिकेट के सारे फॉर्मेटों को अलविदा कह देंगे। वह अपने संन्यास की घोषणा जल्दी ही कर सकते हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बद्रीनाथ 10 हजार से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके अलावा वह टीम इंडिया के लिए टेस्ट, वन-डे और टी-20 मैच भी खेल चुके हैं।
10 हजार से ज्यादा रन बनाने वाला टीम इंडिया का यह दिग्गज खिलाड़ी क्रिकेट को जल्द कहेगा अलविदा!
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बद्रीनाथ जल्द ही अपने संन्यास की घोषणा कर सकते हैं। आईपीएल में बद्रीनाथ कॉमेंटेटर की भूमिका निभा रहे हैं। बद्रीनाथ पिछले साल रणजी ट्रॉफी में भी नहीं खेले थे, हालांकि तब उन्होंने संन्यास लेने की बातों को खारिज कर दिया था।
बद्रीनाथ ने अगस्त 2008 में श्रीलंका के खिलाफ वन-डे और फरवरी 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। हालांकि, वह टीम इंडिया के लिए सिर्फ दो ही टेस्ट खेल सके, जिसमें उन्होंने मात्र 63 रन बनाए। इसके अलावा बद्रीनाथ ने टीम इंडिया के लिए 7 वन-डे में 79 रन और केवल एक टी-20 में 43 रन बनाए।
37 साल के बद्रीनाथ आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने साल 2008 में चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ खेला था, जबकि उन्होंने आखिरी आईपीएल साल 2013 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेला था। बद्रीनाथ ने आईपीएल में कुल 95 मैचों के 67 पारियों में उन्होंने 1441 रन बनाए है। आईपीएल में उनके नाम 11 अर्धशतक भी दर्ज है।
बता दें कि तमिलनाडु के लिए 14 सीजन तक खेलने वाले बद्रीनाथ 2014-17 तक दूसरे राज्यों के लिए खेले। उन्होंने 2014-16 से तक विदर्भ की कप्तानी की, जबकि 2016 में हैदराबाद के लिए भी खेले। घरेलू क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार बद्रीनाथ ने अपने 145 फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 32 शतकों, 45 अर्धशतकों की मदद से 10245 रन बनाए।