टीम इंडिया ने हाल ही में बेंगलुरु में खेले गए एकमात्र ऐतिहासिक टेस्ट में अफगानिस्तान को 262 रन के विशाल अंतर से हराया था। अफगानिस्तान को महज दो दिन में ही हराकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया के खिलाड़ियों को आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में जबर्दस्त इजाफा हुआ है। आइये जानते हैं कि रैंकिंग में किन खिलाड़ियों ने कितनी लंबी छलांगः
अफगानिस्तान के खिलाफ पहले ही दिन शानदार 107 रन की शतकीय पारी खेलने वाले टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन आईसीसी की ताजा रैंकिंग में 10 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर करियर के अपने सर्वश्रेष्ठ 24वें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं,105 रन की जबर्दस्त पारी खेलने वाले मुरली विजय छह स्थान ऊपर उठकर 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
धवन और मुरली विजय के अलावा छह विकेट लेने वाले लेफ्ट स्पिनर रवींद्र जडेजा एक स्थान के सुधार के साथ तीसरे और तेज गेंदबाज इशांत शर्मा दो स्थानों के सुधार के साथ 25वें, जबकि तेज गेंदबाज उमेश यादव 26वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
दूसरी तरफ अपना पहला टेस्ट मैच खेलने वाले अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने भी रैंकिंग में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। ताजा टेस्ट रैंकिंग में हशमतुल्लाह शाहिदी 111वें और कप्तान अशगर स्टानिकजई 136वें नंबर पर हैं। गेंदबाजों में यामिन अहमदजई 94वें और मुजीब उर रहमान 114वें नंबर पर हैं।
बता दें कि टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के पहले ही दिन पारी और 262 रन से करारी मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 474 रन बनाए। जिसके जवाब में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को पहली पारी में केवल 109 पर आउट किया और उसके बाद दूसरी पारी में भी शानदार गेंदबाजी करते हुए मेहमान टीम को 103 रन पर आउट कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।