चेन्नई सुपरकिंग्स के ओपनर शेन वॉटसन ने शुक्रवार आईपीएल इतिहास की बेमिसाल पारियों में से एक खेली। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए सिर्फ 57 गेंदों में 9 चौको और 6 छक्को की मदद से 106 रन बनाए। वॉटसन ने अपने टी20 करियर का चौथा जबकि आईपीएल करियर का तीसरा शतक जमाया। आईपीएल 2018 में क्रिस गेल के बाद दूसरा शतक शेन वॉटसन ने ही जमाया।
आपको याद होगा कि जब 2008 में आईपीएल की शुरुआत हुई थी तब वॉटसन ने राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए उसे चैंपियन बनाया था। अब उसी राजस्थान के खिलाफ 10 साल के बाद शतक जमाकर वॉटसन ने अपने नाम एक खास रिकॉर्ड भी दर्ज किया।
दरअसल, वॉटसन आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने एक फ्रैंचाइजी के खिलाफ और उसके लिए शतक जमाया हो। जी हां, वॉटसन जब 2013 में रॉयल्स की तरफ से खेले थे तब उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ शतक जमाया था। आज आईपीएल 2018 के 17वें मैच में उन्होंने चेन्नई की तरफ से खेलते हुए रॉयल्स के खिलाफ शतक जमा दिया।
इसके अलावा आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में शेन वॉटसन संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वॉटसन आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में डेविड वॉर्नर और एबी डीविलियर्स के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हैं। आईपीएल में सर्वाधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल के नाम दर्ज है। गेल ने आईपीएल में 6 शतक जमाए हैं। दूसरे नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली काबिज हैं, जिनके नाम चार शतक दर्ज है।
वॉटसन ने 2008 में राजस्थान रॉयल्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से नवाजा गया था। वॉटसन ने तब 15 मैचों में चार अर्धशतकों की मदद से 472 रन बनाए थे। इसके अलावा गेंदबाजी में उन्होंने कुल 17 विकेट चटकाए थे।