जोस बटलर (95*) की तूफानी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने शुक्रवार को आईपीएल 2018 के 43वें मैच में मजबूत चेन्नई सुपरकिंग्स को एक गेंद शेष रहते 4 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ रॉयल्स ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। सीएसके ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 4 विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में रॉयल्स ने एक गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। चलिए जानते हैं कि मैच के 5 हीरोज कौन रहे:
जोस बटलर- यह कहना गलत नहीं होगा कि बटलर ने अकेले के दम पर राजस्थान को जीत दिलाई। दाएं हाथ के बल्लेबाज ने 60 गेंदों में 11 चौके और दो छक्कों की मदद से 95* रन की मैच विजयी पारी खेली। बटलर को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। बटलर ने शुरुआत से ही चेन्नई के गेंदबाजों पर आक्रमण जारी रखा और रॉयल्स को हमेशा फ्रंटसीट पर बनाए रखा।
संजू सैमसन- प्रतिभाशाली बल्लेबाज ने 22 गेंदों में दो चौको की मदद से 21 रन की धीमी पारी खेली। मगर उनकी पारी महत्वपूर्ण इसलिए रही क्योंकि राजस्थान को जल्दी-जल्दी दो झटके लग चुके थे। ऐसे में सैमसन ने एक छोर से दमदार शॉट्स खेल रहे बटलर के साथ 46 रन की साझेदारी की और पारी को संभाला। दाएं हाथ के बल्लेबाज दुर्भाग्यशाली रहे और रैना व ब्रावो के संयुक्त प्रयास से रनआउट होकर डगआउट लौटे। मगर उनका प्रदर्शन टीम के लिए अहम रहा।
स्टुअर्ट बिन्नी- स्टुअर्ट बिन्नी ने भी राजस्थान की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 17 गेंदों में एक चौके व एक छक्के की मदद से 22 रन बनाए। बिन्नी ने बटलर के साथ चौथे विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की और मैच को काफी करीब ले गए। बिन्नी की यह पारी राजस्थान के दृष्टिकोण ने बहुत महत्वपूर्ण रही।
कृष्णप्पा गौतम- इस बल्लेबाज ने तो मैच का रुख ही बदल दिया। गौतम ने लंबी पारी नहीं खेली, उन्होंने सिर्फ 4 गेंदों में दो छक्को की मदद से 13 रन बनाए। मगर उनके दो छक्कों ने रॉयल्स के लिए पूरी बाजी पलट दी। गौतम ने वह दो छक्के तब जड़े जब रॉयल्स को 12 गेंदों में 28 रन की दरकार थी।