न्यूजीलैंड दौरे से ठीक तीन दिन पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार सलामी बल्लेबाज शिखर धवन कंधे की चोट की वजह से न्यूजीलैंड दौरे पर नहीं जा पाए हैं। 24 जनवरी से शुरू हो रहे दौरे जिसमें टीम इंडिया को शुरुआत में पांच टी-20 मैच खेलने हैं, उसमें से बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में धवन चोटिल हो गए थे।
NZvIND: चोटिल धवन की जगह ले सकते हैं ये चार खिलाड़ी, न्यूजीलैंड दौरे में मिलेगा मौका!
पृथ्वी शॉ
न्यूजीलैंड दौरे पर भारत ए की तरफ से खेल रहे युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने चोट और बैन के बाद जबरदस्त वापसी की है। उन्होंने पहले ही मैच में न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ महज 100 गेंदों में 22 चौके और 2 छक्के की मदद से 150 रन की पारी खेली। आईपीएल में दिल्ली की तरफ से खेलने वाले 21 वर्षीय पृथ्वी की फॉर्म को देखते हुए उन्हें मौका मिल सकता है।
संजू सैमसन
हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ एक टी-20 मैच खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन भी इस वक्त भारत ए का हिस्सा हैं और न्यूजीलैंड दौरे पर हैं। उन्हें हालांकि टीम में अधिक मौके नहीं मिले हैं लेकिन उनके अनुभव और घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें फिर से मौका मिल सकता है।
मयंक अग्रवाल
टेस्ट और फिर घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को टीम में शामिल किया जा सकता है। मौजूदा समय में न्यूजीलैंड दौरे पर भारत ए टीम का हिस्सा मयंक को अभी तक क्रिकेट के छोटे फॉर्मेट में पदार्पण का मौका नहीं मिला है।
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार इन दिनों अपने प्रदर्शन की वजह से लगातार चर्चा में बने हुए हैं। वे एक के बाद एक घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में जमकर रन बना रहे हैं। आईपीएल में भी मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी हैं। ऐसे में उन्हें भी टी-20 टीम का हिस्सा बनाया जा सकता है।