टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाले युवा तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज स्वदेश लौट चुके हैं। अपने गृह नगर हैदराबाद पहुंचते ही सिराज सीधे कब्रिस्तान पहुंचे। यहां आकर वह काफी भावुक हो गए। अपने पिता मोहम्मद गौस की कब्र पर फूल चढ़ाकर सिराज ने उन्हें याद किया।
एयरपोर्ट से सीधे कब्रिस्तान पहुंचे मोहम्मद सिराज, कब्र पर फूल चढ़ाकर किया अब्बू को याद
करीब 69 दिनों बाद वतन लौटे सिराज अपने परिवार के साथ नजर आए। इस दौरान वह काफी खुश थे। जब सिराज के पिता का इंतकाल हुआ था तो वह ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर थे। सिराज ने ऑस्ट्रेलिया में ही रुकने का फैसला किया और जनाजे में शामिल नहीं हो सके।
सिराज भले ही पिता के जनाजे में शामिल नहीं हो सके मगर उन्होंने पिता के सपने को बखूबी साकार किया। ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर सिराज नें अपने पिता की याद में खूब आंसू बहाए। बार बार पिता को याद कर भावुक हो जाते थे। ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर सिराज ने सबसे अधिक 13 विकेट चटकाए।
हैदराबाद पहुंचकर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिराज ने कहा, पिताजी के देहांत की खबर मेरे लिए बहुत कठिन थी। मैंने घर पर भी बात की, उन्होंने मुझे कहा कि पिताजी का सपना पूरा करके आओ। मेरी मंगेतर का भी इसमें बहुत बड़ा हाथ है, उन्होंने मुझे बहुत प्रेरित किया। टीम ने भी बहुत साथ दिया।
पिताजी के देहांत की ख़बर मेरे लिए बहुत कठिन थी। मैंने घर पर भी बात की, उन्होंने मुझे कहा कि पिताजी का सपना पूरा करके आओ। मेरी मंगेतर का भी इसमें बहुत बड़ा हाथ है, उन्होंने मुझे बहुत प्रेरित किया। टीम ने भी बहुत साथ दिया : भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज pic.twitter.com/6FIMmlGJ3l
वहीं, नस्लीय टिप्पणी पर सिराज ने कहा, केस चल रहा है, देखते हैं न्याय मिलेगा या नहीं। अंपायर ने हमें कहा था कि आप खेल छोड़कर जा सकते हैं। मगर हमने कहा कि हम खेल का सम्मान करते हैं, हम खेल छोड़कर नहीं जाएंगे। इस युवा गेंदबाज ने कहा कि नस्लवाद प्रकरण ने मुझे मानसिक रूप से मजबूत बना दिया है। मैंने नस्लीय घटना से अपने खेल को प्रभावित नहीं होने दिया। मैंने अपने पिता को अपना प्रदर्शन समर्पित किया और उनके सपने को साकार किया।