ऑस्ट्रेलियाई दर्शक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। ब्रिस्बेन के गाबा में खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आखिरी टेस्ट के पहले दिन एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों ने भारतीय खिलाड़ियों पर नस्लीय टिप्पणी की। ऐसे जानते हैं मोहम्मद सिराज पर नस्लीय टिप्पणी की पूरी कहानी...
खुलासा : सिराज पर नस्लीय टिप्पणी की पूरी कहानी, जानिए चश्मदीद रहे शख्स की जुबानी
अभी सिडनी का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था कि ब्रिस्बेन में फिर से इस तरह की घटना दोहरा गई। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड की खबर के मुताबिक, स्टेडियम में बैठे कुछ दर्शकों ने मोहम्मद सिराज और वॉशिंगटन सुंदर के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्हें भद्दी गालियां दीं।
अखबार के मुताबिक, केट नाम के एक दर्शक ने बताया कि सिराज और सुंदर को लेकर मैदान के बाहर बैठे कुछ दर्शक लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। सिराज पर तीखी टिप्पणियां करते वक्त दर्शकों ने उन्हें कीड़ा तक कहा। ऑस्ट्रेलियाई दर्शक सिराज को grub कहकर लगातार बुलाते रहे। हिंदी शब्कोश के मुताबिक, इस अंग्रेजी शब्द का अर्थ मैला-कुचला आदमी/ कीड़े का बच्चा होता है।
गौरतलब है कि हाल ही सिडनी में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान भी स्टेडियम में मौजूद कुछ ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों ने लगतार दो दिन तक ऐसी गंदी हरकत की थी, जिसके बाद चौथे दिन भारतीय टीम और सिराज की शिकायत के बाद छह दर्शकों को चिन्हित कर स्टेडियम से बाहर किया गया था।
इस हरकत के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की काफी किरकिरी हुई थी और खूब आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा था। ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर ने भी इस घटना को शर्मनाक बताया था। वहीं, आईसीसी, बीसीसीआई समेत पूर्व क्रिकेटरों ने भी इसकी आलोचना करते हुए कार्रवाई की मांग की थी।