आईपीएल नीलामी में इस साल फ्रैंचाइजियों के बीच एक नया चेहरा सभी का ध्यान खींच रहा है। 17 साल की यह लड़की कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला और केकेआर के को-ऑनर जय मेहता की बेटी ज्हानवी मेहता है।
क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखने वाली ज्हानवी पहली बार आईपीएल ऑक्शन में हिस्सा ले रही है और अपनी टीम के लिए बेहतर खिलाड़ियों का चयन करने में सहयोग कर रही हैं।
पहले दिन की नीलामी में केकेआर ने अपने दल में कई शानदार खिलाड़ियों को शामिल किया। इनमें ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का नाम भी शामिल है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के एक और दिग्गज खिलाड़ी क्रिस लिन को खरीदने के बाद ज्हानवी ने अपनी खुशी जाहिर की। कोलकाता नाइट राइडर्स ने क्रिस लिन को 9.60 करोड़ रुपये में खरीदा है।
क्रिस लिन को खरीदने के बाद ज्हानवी कहा, 'अब तक हुई नीलामी में क्रिस लिन उनके सबसे पसंदीदा खिलाड़ी हैं और उन्हें केकेआर में शामिल करके मैं काफी खुश हूं। यह बल्लेबाज अपनी टीम के लिए लंबे-लंबे छक्के लगाता है। आईपीएल में उनके प्रदर्शन से टीम को काफी उम्मीदें हैं।'
जय मेहता ने कहा, 'क्रिकेट को काफी करीब से समझने वाली ज्हानवी केकेआर के लिए किसी 'लेडी लक' से कम नहीं।' उन्होंने बताया कि ज्हानवी फिलहाल इंग्लैंड में रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रही हैं। आईपीएल नीलामी में हिस्सा लेने के लिए वह इन दिनों भारत आई हुई हैं।