टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में चोटिल होने की वजह से नहीं खेल सके थे, जिसके बाद यह लग रहा था कि भारतीय टीम का तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आएगा। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट में हमारा तेज गेंदबाजी आक्रमण तो संघर्ष करता नहीं दिखा, लेकिन बल्लेबाजी क्रम पूरी तरह फ्लॉप साबित हुआ।
नाटिंघम टेस्ट से पहले टीम इंडिया कई मुसीबतों से घिरी हुई है। जसप्रीत बुमराह, कप्तान विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन की चोट टीम इंडिया के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। चलिए नजर डालते हैं उनके स्तर पर कि नाटिंघम टेस्ट में क्या संभावनाएं हैं।
जसप्रीत बुमराह- इंग्लैंड दौरे पर पहली बार बुमराह को हिस्सा लेने के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। तेज गेंदबाज आयरलैंड दौरे के बाद से क्रिकेट के मैदान से दूर है। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ पहले टी-20 इंटरनेशनल मैच में अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ था। अपने रिहैबिलिटेशन पर कड़ी मेहनत करने के बाद बुमराह को नेट्स पर अन्य सदस्यों के साथ अभ्यास करते हुए देखा गया। वह तीसरे टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए फिट घोषित किए गए हैं।
रविचंद्रन अश्विन- अश्विन और हार्दिक पांड्या को गेंदबाजी करने वाले हाथ में चोट लगी थी, लेकिन दोनों ने इसके बावजूद बल्लेबाजी की। अश्विन को उसी हाथ में दो बार चोट लगी। हालांकि, ट्रेंटब्रिज टेस्ट के लिए अश्विन और पांड्या दोनों को फिट घोषित कर दिया गया है। अश्विन की फिटनेस टीम इंडिया के लिए जरूरी है क्योंकि वह टीम के महत्वपूर्ण स्पिनर हैं।
विराट कोहली- कप्तान विराट कोहली के तीसरे टेस्ट में खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। 29 वर्षीय बल्लेबाज ने लॉर्ड्स टेस्ट के बाद कहा था कि अगले पांच दिनों में वह पूरी तरह ठीक हो जाएंगे। हालांकि, अभी तक ऐसी जानकारी नहीं मिली है कि उन्हें दर्द में आराम मिला है या नहीं। वैसे, तीसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उमेश यादव एक बार फिर बेंच पर बैठे नजर आ सकते हैं। इसके अलावा दिनेश कार्तिक की जगह ऋषभ पंत को मौका मिल सकता है।